Thursday, October 29, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डप्रभारी सब रजिस्ट्रार से मांगा स्पष्टीकरण

प्रभारी सब रजिस्ट्रार से मांगा स्पष्टीकरण

रामनगर (नैनीताल)। निर्धारित से अधिक शुल्क लेने की शिकायत पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने सोमवार को सब रजिस्ट्रार कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिली खामियों पर प्रभारी सब रजिस्ट्रार से स्पष्टीकरण मांगा गया है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है।
सोमवार सुबह दस बजे अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अशोक जोशी रामनगर तहसील पहुंचे। उन्होंने तहसीलदार विपिन चंद्र पंत, नायब तहसीलदार डीसी मिश्रा और प्रभारी सब रजिस्ट्रार मुकेश चंद्र कांडपाल के साथ सब रजिस्ट्रार कार्यालय का निरीक्षण किया। एडीएम वित्त एवं राजस्व ने बताया कि लंबे समय से रामनगर सब रजिस्ट्रार कार्यालय में रजिस्ट्री कराने आए लोगों को परेशान करने और रजिस्ट्री पर निर्धारित से अधिक शुल्क लेने की शिकायतें मिल रहीं थीं। जिलाधिकारी के निर्देश पर सब रजिस्ट्रार कार्यालय का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि सब रजिस्ट्रार कार्यालय से दो लोगों की रजिस्ट्री की मूल प्रति 17 अप्रैल से आज तक नहीं दी गई है। एक महीने तक रजिस्ट्री नहीं देने के मामले में प्रभारी सब रजिस्ट्रार से स्पष्टीकरण मांगा गया है। प्रभारी सब रजिस्ट्रार को निर्देश दिए गए हैं कि जिस दिन रजिस्ट्री हो उसी दिन संबंधित व्यक्ति को उपलब्ध करा दें। बताया कि रजिस्ट्री पर निर्धारित से अधिक शुल्क लेने के मामले की जांच की जा रही है। आरोप सही पाए गए तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि सरकारी कार्यालय में आने वाले लोगों की समस्या का समाधान समय पर किया जाए। लोगों को बेवजह परेशान ना किया जाए। इस प्रकार की शिकायतें भविष्य में मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments