औली में आज से शीतकालीन खेलों का रोमांच शुरू होने जा रहा है। राष्ट्रीय शीतकालीन चैंपियनशिप के तहत देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ सेना, आईटीबीपी और सीआरपीएफ की कुल 17 टीमें स्कीइंग प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए औली पहुंच चुकी हैं। खिलाड़ियों के आगमन के साथ ही औली की बर्फीली वादियां खेल उत्साह से सराबोर हो गई हैं।
खिलाड़ियों ने किया अभ्यास, स्लोप पूरी तरह तैयार
शुक्रवार से शुरू हो रही प्रतियोगिता से पहले गुरुवार को सभी टीमों ने पंजीकरण के बाद स्कीइंग स्लोप पर अभ्यास किया। अभ्यास के लिए खिलाड़ियों को अलग स्लोप उपलब्ध कराया गया है, जहां पर्याप्त मात्रा में बर्फ जमी हुई है। आयोजकों ने बताया कि खिलाड़ियों की सुरक्षा और तकनीकी मानकों को ध्यान में रखते हुए स्लोप को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है।
बर्फ की कमी वाले हिस्सों में किया गया सुधार
जिन दो प्रमुख स्लोपों पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी हैं, उनका गुरुवार को आयोजकों द्वारा निरीक्षण किया गया। जहां बर्फ पिघलने से कमी पाई गई, वहां अन्य स्थानों से बर्फ लाकर भरी जा रही है। मुख्य स्लोप में बर्फ कम होने के कारण इस बार प्रतियोगिता आठ नंबर टावर से कराई जाएगी। गढ़वाल मंडल विकास निगम के स्कीइंग प्रशिक्षक प्रदीप मंद्रवाल ने बताया कि स्लोप को अंतिम रूप दे दिया गया है और अब खिलाड़ी यहां अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाएंगे।
उत्साह से लबरेज खिलाड़ी, पदक जीतने पर नजर
औली पहुंचे खिलाड़ियों ने कहा कि वे प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। हिमाचल प्रदेश की निताशा मेहर ने बताया कि वे स्की माउंटेनियरिंग स्पर्धा में भाग लेंगी और पदक जीतने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं। उड़ीसा टीम की रंजीता बोहरा ने कहा कि मैदानी क्षेत्र से होने के कारण उन्हें अभ्यास के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है, लेकिन औली की ढलानों पर खेलना बेहद रोमांचकारी अनुभव है। पंजाब के अजय ठाकुर और जम्मू-कश्मीर के वशीम भट ने भी प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन का भरोसा जताया।
आयोजकों ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
विंटर गेम्स एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के अजय भट्ट, सचिव राकेश रंजन भिलिंगवाल, आईटीबीपी औली से डिप्टी कमांडेंट नानक चंद, जीएमवीएन के अधिकारियों सहित अन्य पदाधिकारियों ने स्लोप, सुरक्षा, तकनीकी मानकों और खिलाड़ियों की सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
ये टीमें ले रहीं हिस्सा
हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हरियाणा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, उड़ीसा, गुजरात के अलावा सेना, आईटीबीपी और सीआरपीएफ सहित कुल 17 टीमें प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रही हैं।
प्रतियोगिता का कार्यक्रम
-
13 फरवरी: उद्घाटन समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकल स्कीइंग डेमो, आईटीबीपी स्की एंड रेस्क्यू डेमो
-
14 फरवरी: अल्पाइन स्कीइंग जाइंट स्लालोम (महिला-पुरुष), स्नोबोर्ड जाइंट स्लालोम
-
15 फरवरी: अल्पाइन स्कीइंग स्लालोम (महिला-पुरुष), स्नोबोर्ड स्लालोम, स्की माउंटेनियरिंग स्प्रिंट
-
16 फरवरी: पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह
विंटर कार्निवल भी बनेगा आकर्षण
राष्ट्रीय शीतकालीन प्रतियोगिताओं के साथ-साथ औली में विंटर कार्निवल का आयोजन भी किया जाएगा। जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़ के अनुसार, कार्निवल में पांडवास ग्रुप और लोक गायक किशन महिपाल की प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा स्नो शू रेस, स्नो मैराथन, बच्चों के स्नो गेम, योगा इन स्नो और नाइट स्कीइंग जैसे आकर्षक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जो पर्यटकों और दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।