शक्तिफार्म। बंगाली कर्मचारी उन्नयन समिति ने टैगोरनगर में समारोह आयोजित कर क्षेत्र के 10 स्कूलों के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 120 छात्र-छात्राओं को प्रशस्तिपत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। पुरस्कृत होने वाले मेधावियों में हाईस्कूल के 75 और इंटर के 45 बच्चे शामिल रहे। हाईस्कूल में ग्रीन वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, राजकीय इंटर कॉलेज, राबाइंका, न्यू ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल, रामकृष्ण हाईस्कूल समेत अन्य विद्यालयों के मेधावी शामिल रहे। इसी तरह इंटर में ग्रीन वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, राबाइंका, राइंका और अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज के बच्चे शामिल रहे। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील विश्वास, उन्नयन समिति के प्रदेश अध्यक्ष निर्मल सरकार, पूर्व अध्यक्ष शंकर चक्रवर्ती और क्षेत्रीय अध्यक्ष बिजन राय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
शक्ति शिशु उच्च प्राथमिक विद्यालय, दिल्ली प्ले स्कूल और प्राथमिक विद्यालय भुजिया के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। समिति के प्रदेश अध्यक्ष निर्मल सरकार और क्षेत्रीय अध्यक्ष विजन राय ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत होती है। वहां रामचंद्र राय, नवीन जोशी, उत्तम आचार्य, विनय मंडल, रविंद्र विश्वास, संजय बछाड़, शिखा हालदार, पंकज राय, गोविंद पोखरिया, किशोर राय, विधान दास, संजीत खान, संजीव दास, सव्यसाची हालदार आदि थे।