भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष के अमृत महोत्सव के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आह्वान किया है कि ऐसा कोई घर न हो जहां तिरंगा न लगा हो। 15 अगस्त को सभी अपने घरों में तिरंगा फहराएं। इसकी शुरुआत परिवार के सबसे छोटे सदस्य से कराएं और सोशल मीडिया पर उसकी फोटो भी डालें। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रभाव और राष्ट्रप्रेम दिखाने का अवसर है जिस घर पर तिरंगा नहीं लहराएगा, उस पर देश विश्वास नहीं कर सकता है।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार हल्द्वानी पहुंचे महेंद्र भट्ट ने रामपुर रोड से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। शहीद मेजर चंद्रशेखर मिश्रा पार्क में हुई सभा में उन्होंने कहा कि 14 अगस्त 1947 तक भारत अखंड भारत के रूप में जाना जाता था लेकिन भारतवासी विभाजनकारियों और अंग्रेजों के षड़यंत्र का शिकार हुए। तिरंगा यात्रा यह संदेश देती है कि देश की नई पीढ़ी में राष्ट्रभाव जगे, देश में जो षड़यंत्रकारी हैं उनसे सचेत रहें।
राजनीतिक दलों, सामाजिक संस्थाओं से अपील की कि यह सरकारी कार्यक्रम है, उस घर का फोटो भेजें जिस घर में तिरंगा न लगा हो। वह देखना चाहते हैं कांग्रेस कार्यकर्ता अपने घरों में तिरंगा लगाते हैं या नहीं। उन्होंने कहा कि यह भी देखना होगा कि अगर हमारे आस-पड़ोस के घरों में तिरंगा नहीं लगा होगा तो इससे सम्मान हमारा ही घटेगा। जिस कार्यकर्ता के घरों के चारों ओर तिरंगा लगा होगा, जीत उस बूथ अध्यक्ष और सभासद की होगी। उन्होंने 13, 14 और 15 अगस्त को सभासदों से अपने क्षेत्र के सभी नागरिकों को लेकर प्रभात फेरी निकालने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड में सब राष्ट्रवादी लोग हैं।
पहली बार हल्द्वानी पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष का हुआ जोरदार स्वागत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार हल्द्वानी पहुंचे महेंद्र भट्ट का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। रामपुर रोड में तिरंगा यात्रा की शुरुआत करने पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष ने तिरंगा यात्रा में शामिल होकर वाहनों के काफिले संग बाजार क्षेत्र अग्रसेन चौराहा, नैनीताल रोड, तिकोनिया मार्ग से होते हुए निकट जजी कोर्ट शहीद मेजर चंद्रशेखर मिश्रा तक पार्क तक गए। प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट, जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट और मेयर जोगेंद्र रौतेला ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करते हुए हर घर तिरंगा अभियान के बारे में विचार रखे।
इस मौके पर विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत, विधायक नैनीताल सरिता आर्या, विधायक लालकुआं मोहन सिंह बिष्ट, विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, सुरेश तिवारी, विधानसभा संयोजक भुवन जोशी, प्रदेश संगठन मंत्री अजय कुमार, संजय दुम्का, रवि कुरिया, राजेंद्र सिंह बिष्ट, दीपक मेहरा, प्रकाश रावत, भुवन जोशी, वीरेंद्र बिष्ट, तरूण बंसल, चंदन सिंह बिष्ट, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, मोर्चों के जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री प्रदीप जनौटी और कमल नयन जोशी ने किया।