Wednesday, April 29, 2026
Homeउत्तराखंडबुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व: हरिद्वार में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, 30 अप्रैल रात...

बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व: हरिद्वार में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, 30 अप्रैल रात से भारी वाहनों पर रोक

हरिद्वार: बुद्ध पूर्णिमा स्नान पर्व के मद्देनजर हरिद्वार में व्यापक यातायात प्रबंधन योजना लागू की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने शहर में बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए रूट डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था का विस्तृत प्लान जारी किया है। यह योजना 30 अप्रैल की रात 12 बजे से प्रभावी होगी और मेला समाप्ति तक लागू रहेगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि पर्व के दौरान शहर में किसी भी प्रकार की यातायात अव्यवस्था से बचने के लिए सभी भारी वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही, यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन लागू किए जाएंगे और अधिकारियों को सख्ती से नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

यातायात व्यवस्था के प्रमुख बिंदु:

पर्व के दौरान यदि यातायात का दबाव बढ़ता है तो भारी वाहनों को शहर की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा। नगलाइमरती से आने वाले वाहनों को डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग एवं होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा। चीला मार्ग को केवल ऋषिकेश की ओर जाने वाले वाहनों की निकासी के लिए निर्धारित किया गया है।

सामान्य यातायात की स्थिति में वाहनों को गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन से सिंहद्वार होते हुए शंकराचार्य चौक की ओर भेजा जाएगा। वहीं टोल प्लाजा पर अधिक दबाव होने पर नहर पटरी मार्ग को वैकल्पिक निकासी मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश की ओर जाने वाली निजी बसों को आवश्यकता पड़ने पर मोहंड मार्ग से भेजा जाएगा।

बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों के लिए रूट:

दिल्ली, मेरठ और मुजफ्फरनगर से आने वाले वाहनों को नारसन, मंगलौर, कॉर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक के रास्ते शहर में प्रवेश दिया जाएगा। इन वाहनों के लिए अलकनंदा, दीनदयाल, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

यातायात दबाव अधिक होने पर नगलाइमरती, लक्सर, फेरूपुर, जगजीतपुर और बैरागी कैंप को वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग किया जाएगा। वहीं दिल्ली, पंजाब और हरियाणा से आने वाले वाहनों को भारी दबाव की स्थिति में सहारनपुर, भगवानपुर, सालियर, बिजौली, छुटमलपुर, बिहारीगढ़ और मोहंड मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।

अन्य मार्ग और पार्किंग व्यवस्था:

नजीबाबाद और मुरादाबाद से आने वाले छोटे वाहनों को चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडीचौकी के रास्ते भेजा जाएगा, जबकि बड़े वाहनों को गौरीशंकर और नीलधारा पार्किंग में रोका जाएगा। देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले वाहन नेपाली फार्म और रायवाला होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे और उन्हें लालजीवाला, पंतद्वीप व चमगादड़ टापू पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।

ऑटो और विक्रम संचालन पर प्रतिबंध:

देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले ऑटो केवल जयराम मोड़ तक ही संचालित होंगे। इसके अलावा ललतारो पुल से शिवमूर्ति तक ऑटो, विक्रम और टैक्सी का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे जारी ट्रैफिक प्लान का पालन करें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें, जिससे स्नान पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments