चंपावत/टनकपुर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को चंपावत जनपद के टनकपुर दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शारदा घाट पर प्रस्तावित शारदा कॉरिडोर के शिलान्यास समारोह में भाग लिया और पारंपरिक माघ खिचड़ी कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने टनकपुर प्रवास के दौरान बूम क्षेत्र में कुल 954.46 लाख रुपये तथा 30,975.89 लाख रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। शारदा कॉरिडोर परियोजना के प्रथम चरण में शारदा घाट पर लगभग 107 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें 500 मीटर लंबा घाट, बाढ़ सुरक्षा दीवार, प्रवेश द्वार, पैदल मार्ग, चेंजिंग रूम, यात्री विश्राम शेड, आधुनिक लाइटिंग, कर्म हरि पाठशाला और आध्यात्मिक जोन जैसे विकास कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि शारदा घाट के 200 वर्ग किलोमीटर के दायरे को धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चंपावत की जनता से किए गए सभी वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। साथ ही उन्होंने शिक्षा और सामाजिक सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में मदरसा बोर्ड समाप्त किया जाएगा और अल्पसंख्यक स्कूलों में गुरुवाणी के प्रसारण की व्यवस्था की जाएगी।
राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कोटद्वार की घटना का जिक्र किया और विपक्ष पर निशाना साधा। अपने भाषण के माध्यम से उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संकेत देते हुए सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा और कांग्रेस पर कई बार हमला बोला।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा कॉरिडोर परियोजना से टनकपुर और चंपावत क्षेत्र को नई पहचान मिलेगी तथा इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।