Sunday, October 25, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडChardham Yatra 2026: केदारनाथ यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, सोनप्रयाग...

Chardham Yatra 2026: केदारनाथ यात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, सोनप्रयाग में सुरक्षा के बीच भेजे जा रहे यात्री

चारधाम यात्रा 2026 अपने चरम पर पहुंच गई है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड के पवित्र धामों में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। केदारनाथ, बदरीनाथ और गंगोत्री धाम में दर्शन के लिए लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन और पुलिस लगातार व्यवस्थाओं को संभालने में जुटे हुए हैं।

केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए यात्रियों को सोनप्रयाग से गौरीकुंड होते हुए धाम की ओर रवाना किया जा रहा है। सोनप्रयाग में पुलिस बल तैनात है और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से कतारबद्ध कर शटल सेवा प्वाइंट तक पहुंचाया जा रहा है। यहां से यात्री शटल सेवा के माध्यम से गौरीकुंड पहुंच रहे हैं, जहां से पैदल यात्रा शुरू कर केदारनाथ धाम के लिए प्रस्थान कर रहे हैं।

पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी वेद प्रकाश भट्ट के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक टीम सुबह से ही सोनप्रयाग क्षेत्र में मोर्चा संभाले हुए है। यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि यात्रा को सुचारु और सुरक्षित तरीके से संचालित करने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

वहीं, केदारनाथ धाम में बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को कई घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है। दूसरी ओर सोनप्रयाग में टैक्सी और शटल सेवा के लिए पार्किंग स्थल तक लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। भारी भीड़ के बावजूद श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है।

प्रदेश सरकार ने इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान दर्शन के लिए निर्धारित संख्या की व्यवस्था समाप्त कर दी है। अब यात्रा के लिए पंजीकरण कराने वाले श्रद्धालुओं को धामों में जाने से किसी प्रकार की रोकटोक नहीं की जा रही है। इसी कारण यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।

उधर, गंगोत्री धाम में शुक्रवार को भारी भीड़ के चलते स्थिति कुछ समय के लिए अव्यवस्थित हो गई। सुबह 10 बजे के बाद दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ अचानक बढ़ गई, जिससे बड़े पत्थर से मंदिर और स्नान घाटों की ओर जाने वाले मार्ग पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। लगभग पांच घंटे तक धाम क्षेत्र में अफरा-तफरी जैसी स्थिति बनी रही। हालांकि बाद में पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित कर यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से दर्शन करवाए।

चारधाम यात्रा में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए प्रशासन श्रद्धालुओं से धैर्य बनाए रखने और यात्रा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments