Tuesday, October 13, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डस्वच्छता सर्वेक्षण-2022 की चल रही तैयारी, देहरादून शहर में पांच जगह लगाए...

स्वच्छता सर्वेक्षण-2022 की चल रही तैयारी, देहरादून शहर में पांच जगह लगाए डंपिंग प्लेसर बिन्स

नगर निगम ने स्वच्छता सर्वेक्षण-2022 के लिए चल रही तैयारी के बीच अब शहर में पांच मुख्य स्थानों पर डंपिंग प्लेसर बिन्स (बड़े कूड़ेदान) लगाए हैं। मंगलवार को कांवली जीएमएस रोड पर महापौर सुनील उनियाल गामा एवं नगर आयुक्त अभिषेक रूहेला ने इनका उद्घाटन किया। महापौर ने जानकारी दी कि डंपिंग प्लेसर बिन्स में न सिर्फ कूड़ा ज्यादा आएगा, बल्कि इनका कूड़ा एक बार में कांपेक्टर ट्रक के जरिये ट्रेचिंग ग्राउंड तक ले जाया जाएगा। पांचों डंपिंग प्लेसर बिन्स का कूड़ा एक ही ट्रक में आ जाएगा। इससे कूड़ेदान जल्द खाली होंगे और निश्चित ही समय की बचत भी होगी।
महापौर ने बताया कि नई तकनीक के अस्तित्व में आने से शहर की मुख्य सड़कों की सफाई व्यवस्था पहले से अधिक दुरुस्त होगी। वर्तमान की व्यवस्था में ट्रक एक बार में एक कूड़ेदान को उठाकर ट्रेचिंग ग्राउंड ले जाता था और कूड़ा खाली करने के बाद वापस कूड़ेदान को उस जगह लाकर रख रहा था। मसलन, पांच जगह से कूड़ेदान खाली करने को ट्रक को पांच बार ट्रेचिंग ग्राउंड जाना पड़ता था मगर कांपेक्टर ट्रक में सिरेवार पांच कूड़ेदान का कूड़ा एक बार में उठाया जा सकेगा। कूड़ेदान को उठा ले जाने के बजाए वहीं हाइड्रोलिक तकनीक के जरिये कूड़ा ट्रक में डालकर उसे कांपेक्ट कर दिया जाएगा। नगर आयुक्त ने बताया कि यह व्यवस्था अभी ट्रायल पर है और सफलता मिलने पर पूरे शहर में इसे लागू किया जाएगा। वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. आरके सिंह व रैमकी कंपनी के प्रोजेक्ट हेड एहसान सैफी समेत चेन्नई एमएसडब्लू कंपनी के प्रोजेक्ट हेड जय बालाजी इस दौरान मौजूद रहे।
नगर निगम ने मंदिर को दान किया बर्तन बैंक
स्वच्छता सर्वेक्षण के अंतर्गत श्रीलक्ष्मण सिद्ध मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में नगर निगम की ओर से महापौर सुनील उनियाल गामा एवं नगर आयुक्त अभिषेक रूहेला ने स्टील की 500 प्लेट और चम्मच आदि का बर्तन बैंक दान किया। महापौर ने कहा कि प्लास्टिक की थालियों के उपयोग से मंदिर के आसपास गंदगी फैलती है। स्वच्छता के प्रचार के साथ प्लास्टिक के उपयोग को भी न्यून करना जरूरी है। हर रविवार को मंदिर में भंडारे का आयोजन होता है व प्लास्टिक से निर्मित डिस्पोजेबल प्लेट-चम्मच आदि का प्रयोग होता है। यह बर्तन बैंक मंदिर में प्लास्टिक का प्रयोग कम करने में सहायक बनेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments