Monday, April 13, 2026
Homeउत्तराखंडदेहरादून में सीएम धामी ने बाबा नीब करौरी महाराज पर बनी फिल्म...

देहरादून में सीएम धामी ने बाबा नीब करौरी महाराज पर बनी फिल्म का प्रोमो-Poster लॉन्च किया

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून में बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म के प्रोमो और पोस्टर का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने फिल्म को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह फिल्म केवल एक सिनेमाई प्रस्तुति नहीं है, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और मानवता के उच्च आदर्शों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का एक सराहनीय प्रयास है। उन्होंने कहा कि बाबा नीब करौरी महाराज का दिव्य जीवन आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना हुआ है। उनकी शिक्षाएं सरलता, करुणा, सेवा और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं, जो वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विषयों पर आधारित प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों के संरक्षण और प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह फिल्म समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करेगी और विशेष रूप से नई पीढ़ी को अपने सांस्कृतिक और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने में सहायक सिद्ध होगी।

कार्यक्रम के दौरान योगगुरु स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद सरस्वती, फिल्म निर्देशक शरद सिंह ठाकुर सहित फिल्म से जुड़े कलाकार और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने फिल्म से जुड़े सभी कलाकारों, निर्देशक और निर्माता दल को इस आध्यात्मिक पहल के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments