Friday, October 30, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डपार्कों और सड़क पर गंदगी देख बिफरे आयुक्त

पार्कों और सड़क पर गंदगी देख बिफरे आयुक्त

हल्द्वानी। कुमाऊं कमिश्नर ने शनिवार को नहर कवरिंग स्थल, पार्क और वर्कशाप लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान पार्कों और वर्कशाप लाइन में गंदगी दिखी। इसके बाद आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम ने चार स्वच्छता समितियों को भंग करने के साथ ही दो सफाई नायकों को निलंबित कर दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग ने दो रेस्टोरेंट के फूड लाइसेंस निलंबित कर दिए। नगर निगम के पास नहर कवरिंग का काम शुरू न होने पर कमिश्नर बिफर गए और उन्होंने नहर कवरिंग का काम नहीं होने पर सख्त नाराजगी जताई। वहीं, नगर निगम की टीम ने बरेली रोड से इंदिरानगर गेट तक जाने वाली सड़क पर कारोबार कर रहे दस लोगों का चालान कर दिया।
रेस्टोरेंट कर्मी सड़क पर धो रहे थे जूठे बर्तन
हल्द्वानी। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने वर्कशाप लाइन का भी निरीक्षण किया। यहां के हालात देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। सड़क पर जूठे बर्तनों को धोया जा रहा था और बचा खाना नाले में फेंका जा रहा था। गंदगी भी फैली हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में भी यहां पर कार्रवाई हो चुकी है, इसके बाद भी सुधार नहीं हुआ है।वर्कशाप लाइन में अवैध अतिक्रमण की भरमार है। बीच-बीच में प्रशासन, पुलिस नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटाती है लेकिन कुछ समय बाद पूर्व जैसी ही स्थिति हो जाती है। मार्ग पर अराजकता जैसी स्थिति रहती है।कमिश्नर ने वर्कशाप लाइन में गंदगी देखकर नाराजगी जताने हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारी को निरीक्षण कर दोनों रेस्टोरेंट पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने बताया कि यहां पर पहले भी कार्रवाई हुई थी। अब खाद्य सुरक्षा विभाग ने छतवाल चिकन प्वाइंट और राज फास्ट फूड्स का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। इसके बाद सफाई भी कार्रवाई की गई है।
पार्कों में गंदगी मिलने पर हुई निलंबन की कार्रवाई
हल्द्वानी। पार्कों में सफाई का हाल खराब है, यह बात कमिश्नर दीपक रावत के नैनीताल रोड स्थित पार्कों के औचक निरीक्षण में सामने आई। इसके बाद नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए चार स्वच्छता समितियों को भंग कर दिया और दो सफाई नायकों को भी निलंबित कर दिया। नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने बताया कि निरीक्षण में सफाई व्यवस्था खराब मिलने पर कार्रवाई की गई है। साथ ही नगर स्वास्थ्य अधिकारी को वार्डों का निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद पार्कों की सफाई कराई गई। अगर कहीं पर सफाई व्यवस्था खराब मिलती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों से भी अपील की जा रही है कि अगर उनके क्षेत्र में कूड़ा एकत्र करने वाला वाहन नहीं आ रहा है तो उसकी सूचना नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर पर दें। एक नवंबर से स्वयं सहायता समूह भी वार्डों की सफाई व्यवस्था को देखने के साथ यूजर चार्ज वसूलने का काम शुरू करेंगी।

अब सिंचाई विभाग 31 अक्तूबर से नहर का पानी करेगा बंद
हल्द्वानी। नगर निगम से मुखानी चौराहे तक नहर कवरिंग का मुख्य काम शुरू नहीं हो सका है। शनिवार को निरीक्षण के लिए कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत पहुंचे तो मौजूदा स्थितियों को देखकर बिफर गए। उन्होंने काम शुरू न होने की वजह अधिकारियों से पूछी और कार्यप्रणाली को लेकर खासी नाराजगी जताई। इसके बाद सिंचाई विभाग हरकत में आया और 31 अक्तूबर से नहर में पानी बंद करने का फैसला किया जिसके बाद आगे का कार्य किया जाएगा। कमिश्नर ने कहा कि सात महीने पहले निरीक्षण किया था, कमोबेश यही स्थिति थी। कोई भी प्रगति नहीं हुई। यह स्थिति ठीक नहीं है। कमिश्नर ने सिंचाई विभाग के ईई का जवाब तलब करने के साथ मुख्य अभियंता सिंचाई संजय शुक्ल को कार्यों की मानीटरिंग करने और रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। साथ ही प्रगति के फोटोग्राफ भी भेजने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर काम करने को कहा। इसके बाद कमिश्नर ने ठंडी सड़क का निरीक्षण गया। इस दौरान नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने बताया कि ठंडी सड़क नहर कवरिंग में 900 स्लैब बनने हैं, जिसमें से 150 स्लैब बन चुके हैं सोमवार से शेष स्लैब बनाने का कार्य शुरू हो जाएगा। सड़क पर कारोबार, नगर निगम ने किया चालान
कार्रवाई के विरोध में लोगों ने किया प्रदर्शन
हल्द्वानी। बरेली रोड से इंदिरानगर गेट तक जाने वाले पर मार्ग पर ठेले आदि लगाकर कारोबार करने पर नगर निगम की टीम ने दस लोगों का चालान किया। नगर आयुक्त पंकज उपाध्याय ने बताया कि शनि बाजार के लिए जगह तय है, उसी परिसर में बाजार लग सकता है। पर कई लोग मार्ग पर ही ठेले आदि लगाते हैं। इससे यातायात बाधित होता है। बताया कि शिकायत पर टीम ने दस लोगों का चालान करने के साथ चेतावनी दी है। वहीं, इस कार्रवाई के विरोध में नाराज लोगों ने प्रदर्शन किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments