Tuesday, April 21, 2026
Homeअपराधदेहरादून में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 66...

देहरादून में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 66 कार्ड के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 66 एटीएम कार्ड, तीन मोबाइल फोन और एक कार बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 को क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि सेलाकुई की ओर से आ रही एक सफेद कार में कुछ लोग एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और संदिग्ध कार (UP 14 FH 7340) को रोक लिया।

कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार तीनों व्यक्तियों के पास अलग-अलग बैंकों के कुल 66 एटीएम कार्ड बरामद हुए। साथ ही तीन मोबाइल फोन और प्रयुक्त वाहन को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान अली निवासी गाजियाबाद, नसीरुद्दीन निवासी दिल्ली और मोहम्मद खालिद निवासी गाजियाबाद के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम बूथों पर जाकर बुजुर्गों और अनजान लोगों को निशाना बनाते थे। मदद के बहाने उनका कार्ड बदल लेते और पिन जानकर खातों से पैसे निकाल लेते थे।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और बरामद सामान को सील कर दिया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने किन-किन क्षेत्रों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments