Thursday, April 30, 2026
Homeअपराधदेहरादून में फर्जी साधु बनकर रह रहा बांग्लादेशी गिरफ्तार, ऑपरेशन ‘प्रहार’ में...

देहरादून में फर्जी साधु बनकर रह रहा बांग्लादेशी गिरफ्तार, ऑपरेशन ‘प्रहार’ में पुलिस को बड़ी सफलता

देहरादून: उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद में पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो माथे पर तिलक लगाकर और हिंदू नाम अपनाकर साधु के रूप में रह रहा था, लेकिन जांच में वह बांग्लादेशी नागरिक निकला। यह कार्रवाई लक्ष्मणझूला क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत की गई।

पुलिस के अनुसार, कोतवाली लक्ष्मणझूला पुलिस और अभिसूचना इकाई की संयुक्त टीम द्वारा रामझूला रोड स्थित काली मंदिर के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिस पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान सनीउर रहमान उर्फ ‘सत्यसाधू’ (39 वर्ष) के रूप में बताई। जांच में सामने आया कि वह बांग्लादेश के फरीदपुर का निवासी है और पिछले कई वर्षों से भारत में अवैध रूप से रह रहा था।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2016 से बिना वैध वीजा के भारत में रह रहा था। उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए हिंदू नाम अपनाया और दिल्ली के एक पते पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आधार कार्ड भी बनवा लिया था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एक्सपायर बांग्लादेशी पासपोर्ट, फर्जी आधार कार्ड, तीन मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, टैबलेट, पेन ड्राइव सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। इन उपकरणों की जांच भी की जा रही है ताकि उसके संपर्कों और गतिविधियों के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा सके।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि वह किन लोगों के संपर्क में था और क्या वह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments