देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बम धमकी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हाल ही में राज्य के कई जिला न्यायालयों को धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद अब देहरादून स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस सूचना के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पासपोर्ट कार्यालय को ईमेल के माध्यम से धमकी भेजी गई थी। जैसे ही कार्यालय प्रशासन को इसकी जानकारी मिली, तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
एहतियातन कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और पासपोर्ट संबंधी कार्य से पहुंचे लोगों को तत्काल बाहर निकालकर परिसर को पूरी तरह खाली करा दिया गया। इसके बाद सुरक्षा टीमों ने भवन के अंदर और आसपास के क्षेत्र में गहन तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला है, लेकिन सुरक्षा मानकों के तहत पूरी जांच प्रक्रिया अपनाई गई। धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल को जांच सौंपी गई है और ईमेल की तकनीकी पड़ताल की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी उत्तराखंड के कई जिला अदालतों को इसी प्रकार की बम धमकियां मिली थीं, जिसके बाद राज्यभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क हैं।
फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, जबकि पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है।