Tuesday, March 17, 2026
Homeउत्तराखंडदेहरादून: चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं को मिलेगा ‘स्वास्थ्य कवच’, ई-स्वास्थ्य धाम पोर्टल...

देहरादून: चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं को मिलेगा ‘स्वास्थ्य कवच’, ई-स्वास्थ्य धाम पोर्टल से होगी रियल-टाइम निगरानी

देहरादून। चारधाम यात्रा के दौरान लाखों तीर्थयात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उत्तराखंड सरकार ने इस बार विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रा पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के स्वास्थ्य की निगरानी ‘ई-स्वास्थ्य धाम’ पोर्टल के माध्यम से रियल-टाइम में की जाएगी। इससे यात्रा के दौरान किसी भी तीर्थयात्री की तबीयत खराब होने की स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि सुरक्षित और स्वस्थ चारधाम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को विशेष निर्देश दिए गए हैं। यात्रा मार्गों, मुख्य पड़ावों और चारों धामों में स्थापित स्थायी और अस्थायी चिकित्सा इकाइयों में सभी व्यवस्थाएं मजबूत की जा रही हैं। इन केंद्रों पर अनुभवी चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को समय पर इलाज मिल सके।

आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए यात्रा मार्गों पर 177 एंबुलेंस तैनात की जाएंगी। इसके अलावा गंभीर मामलों के लिए हेली एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। टिहरी क्षेत्र में एक बोट एंबुलेंस और एक हेली एंबुलेंस को भी सक्रिय रखा जाएगा, जिसका संचालन एम्स ऋषिकेश के माध्यम से किया जाएगा। एंबुलेंस सेवाओं का रिस्पांस टाइम न्यूनतम रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि जरूरतमंद तीर्थयात्रियों तक तुरंत चिकित्सा सहायता पहुंचाई जा सके।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से यात्रा मार्गों पर 25 मेडिकल रिलीफ पोस्ट और 33 हेल्थ स्क्रीनिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच की जाएगी, विशेष रूप से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं जैसे ऑक्सीजन की कमी, सांस लेने में दिक्कत और अत्यधिक थकान की पहचान कर उनका उपचार किया जाएगा।

चारधाम यात्रा के दौरान चिकित्सा सेवाओं को सुचारु रखने के लिए 16 विशेषज्ञ चिकित्सक, 46 मेडिकल अधिकारी और 85 पैरामेडिकल स्टाफ को 15-15 दिन के रोस्टर के आधार पर तैनात किया जाएगा। इसके अलावा यात्रा मार्गों पर 100 ‘स्वास्थ्य मित्रों’ की भी तैनाती की जाएगी, जो श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने के साथ जरूरत पड़ने पर सहायता उपलब्ध कराएंगे।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि चारधाम यात्रा पर आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण में अपनी यात्रा पूरी कर सके। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों को पूरी सतर्कता के साथ व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments