देहरादून: गैस संकट से बढ़ी लोगों की परेशानी
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का असर अब उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भी दिखाई देने लगा है। शहर में एलपीजी गैस सिलिंडर की किल्लत के चलते उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि मोबाइल के जरिए गैस बुकिंग भी नहीं हो पा रही है।
स्थिति यह है कि कई उपभोक्ता दिनभर बुकिंग नंबर पर कॉल करते रहे, लेकिन कॉल कनेक्ट नहीं हो पाई। इससे लोगों की चिंता बढ़ गई है और वे सीधे गैस एजेंसियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।
एजेंसियों के बाहर सुबह से लग रही कतारें
बुधवार को देहरादून के कई गैस गोदामों और एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ देखी गई। नया गांव स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर सुबह आठ बजे से ही लोग सिलिंडर लेने के लिए लाइन में लग गए थे। दोपहर बाद तक एजेंसी द्वारा करीब 320 उपभोक्ताओं को सिलिंडर वितरित किए गए, लेकिन इसके बाद स्टॉक समाप्त हो गया।
इसके चलते करीब 60 से अधिक उपभोक्ताओं को बिना गैस सिलिंडर के ही वापस लौटना पड़ा। इसी तरह का हाल शहर की अन्य गैस एजेंसियों पर भी देखने को मिला, जहां सीमित स्टॉक के कारण सभी उपभोक्ताओं को सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो सका।
कई दिनों से बुकिंग में आ रही दिक्कत
उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले कई दिनों से गैस बुकिंग कराने में समस्या आ रही है। बुकिंग नंबर पर कॉल करने के बावजूद कॉल कनेक्ट नहीं हो रही। ऐसे में लोगों के सामने सबसे बड़ी समस्या यह है कि जब बुकिंग ही नहीं हो रही तो गैस सिलिंडर कैसे मिलेगा।
इस वजह से कई लोग सीधे एजेंसी पहुंच रहे हैं, लेकिन वहां भी सीमित सिलिंडर होने के कारण सभी को गैस नहीं मिल पा रही है।
होटल और ढाबों पर भी संकट
घरेलू गैस की आपूर्ति किसी तरह जारी है, लेकिन वाणिज्यिक गैस कनेक्शन वाले प्रतिष्ठानों के लिए स्थिति और भी गंभीर हो गई है। होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों को गैस सिलिंडर नहीं मिलने के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है।
देहरादून जिले में करीब 19 हजार से अधिक वाणिज्यिक गैस कनेक्शन हैं और हर महीने लगभग 40 हजार से अधिक सिलिंडरों की खपत होती है। गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से होटल और ढाबा संचालकों को अपने प्रतिष्ठान बंद होने की चिंता सताने लगी है।
कालाबाजारी पर प्रशासन की नजर
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने कहा कि जिले में गैस की आपूर्ति निरंतर जारी है और उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि कुछ लोग जानबूझकर अफवाह फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि गैस बुकिंग कर धैर्य रखें, एजेंसियों द्वारा घर तक सिलिंडर की डिलीवरी की जाएगी। साथ ही गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए विभाग की टीमें सक्रिय हैं। यदि कोई व्यक्ति जमाखोरी या कालाबाजारी करते पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।