Tuesday, April 28, 2026
HomeअपराधDehradun Night Strike: प्रेमनगर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रिजॉर्ट में अवैध...

Dehradun Night Strike: प्रेमनगर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, रिजॉर्ट में अवैध शराब परोसने पर संचालक गिरफ्तार, 13 लोगों का चालान

देहरादून। शहर के प्रेमनगर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद दून पुलिस ने रविवार देर रात बड़ा अभियान चलाते हुए होटल, रिजॉर्ट, हॉस्टल, पीजी, पब और बार में व्यापक स्तर पर छापेमारी की। इस दौरान एक रिजॉर्ट में अवैध रूप से शराब परोसने का मामला सामने आया, जिसमें पुलिस ने संचालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मौके पर मौजूद 13 लोगों का चालान किया गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर की गई, जिसमें एसपी सिटी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में कई पुलिस टीमों ने एक साथ प्रेमनगर क्षेत्र में नाइट स्ट्राइक अभियान चलाया। देर रात तक चली इस कार्रवाई के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई और बेवजह घूम रहे लोगों को थाने लाकर उनका सत्यापन भी किया गया।

होराइजन रिजॉर्ट में पकड़ा गया मामला
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने कोटड़ा संतूर स्थित होराइजन रिजॉर्ट में छापा मारा। यहां बिना अनुमति के ग्राहकों को शराब परोसी जा रही थी। पुलिस ने मौके से रिजॉर्ट संचालक अमृतदीप (22), निवासी गढ़ी कैंट, को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ कोतवाली प्रेमनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

13 लोगों पर चालानी कार्रवाई
रिजॉर्ट में शराब पीते हुए पाए गए 13 लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 81 के तहत चालान किया गया। इनमें देहरादून के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और बिहार के युवक भी शामिल हैं।

भारी मात्रा में सामान बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 11 बोतल अंग्रेजी शराब, 30 केन बीयर, 10 हुक्का डिब्बे सहित अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है।

आगे भी जारी रहेगा अभियान
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने स्पष्ट किया कि जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में इस तरह के सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे। विशेष रूप से शिक्षण संस्थानों के आसपास गुटबाजी, नशाखोरी और माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments