देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में देर रात लूट की वारदात के बाद भाग रहे बदमाशों और पुलिस के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश मारा गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए। मुठभेड़ में प्रेमनगर थाना प्रभारी नरेश राठौर भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें हाथ में दो गोलियां लगी हैं।
घटना बुधवार देर रात प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पौंधा रोड की है, जहां बदमाशों ने एक व्यक्ति को गोली मारकर उसकी चेन, मोबाइल फोन और नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल पूरे क्षेत्र में घेराबंदी शुरू कर दी।
घेराबंदी के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। वाहन में तीन बदमाश सवार थे। जैसे ही पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में थाना प्रभारी नरेश राठौर के हाथ में दो गोलियां लग गईं।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश मौके पर ही ढेर हो गया। मृत बदमाश के शव को कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। वहीं, दो अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनमें से एक के घायल होने की भी सूचना है।
घायल पीड़ित और SHO को किया गया रेफर
लूट की वारदात के दौरान घायल हुए व्यक्ति को भी गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं, घायल थाना प्रभारी नरेश राठौर का भी इलाज जारी है।
पूरे शहर में अलर्ट, सघन कांबिंग अभियान जारी
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि रात 10:36 बजे डायल 112 के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट कर दिया गया और चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया।
मुठभेड़ के बाद फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस द्वारा सघन कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है। जंगलों में भी सर्च ऑपरेशन जारी है, जबकि शहर के प्रमुख चौराहों पर नाकेबंदी कर हर वाहन की जांच की जा रही है।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। बैरिकेडिंग लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।