Monday, November 2, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडदेहरादून के पॉश इलाके में होटल कारोबारी के घर बड़ी लूट, करीबी...

देहरादून के पॉश इलाके में होटल कारोबारी के घर बड़ी लूट, करीबी की भूमिका पर शक, पुलिस जांच तेज

राजधानी देहरादून के पॉश इलाके राजपुर रोड स्थित ढाक पट्टी में शनिवार आधी रात होटल कारोबारी के घर हुई लूट की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी है। इस मामले में अब किसी करीबी व्यक्ति की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने दो अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

राजपुर थाना क्षेत्र के ढाक पट्टी निवासी पीड़ित भुवन गांधी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वे अपने बेटे को छोड़ने के लिए गुड़गांव गए हुए थे। इसी दौरान रात के समय अज्ञात बदमाश उनके घर में घुस आए और उनकी बुजुर्ग माता को बंधक बनाकर गहने और नकदी लूट ली। लुटेरे करीब दो घंटे तक घर में मौजूद रहे और इत्मीनान से पूरे घर की तलाशी लेते रहे।

पीड़ित के अनुसार, वारदात के दौरान घर के भीतर दो बदमाश थे, जबकि उन्हें आशंका है कि बाहर भी उनके साथी मौजूद हो सकते हैं। हैरानी की बात यह रही कि भूतल पर सो रहा नौकर और अन्य परिजन इस दौरान नहीं जागे। इस तथ्य ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं और इसी वजह से किसी करीबी व्यक्ति की संलिप्तता की आशंका भी जताई जा रही है।

पुलिस ने जब बुजुर्ग महिला के बयान दर्ज किए तो उसमें कुछ संदिग्ध बातें सामने आईं, जिसके आधार पर पुलिस अब अन्य पहलुओं की भी गहराई से जांच कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि लुटेरों के पास किसी प्रकार का हथियार नहीं था।

घर में नहीं लगे थे सीसीटीवी कैमरे
जिस मकान में लूट की घटना हुई, वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। पुलिस का मानना है कि यदि घर में कैमरे होते तो जांच में अहम सुराग मिल सकते थे। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

लगातार लूट की घटनाओं से बढ़ी चुनौती
देहरादून में जनवरी माह के दौरान लगातार सामने आ रही लूट की घटनाओं ने पुलिस की चुनौती बढ़ा दी है। इससे पहले पटेलनगर थाना क्षेत्र के वन विहार में एक परिवार को बंधक बनाकर की गई लूट का पुलिस खुलासा कर चुकी है। अब राजपुर रोड के पॉश इलाके में हुई इस घटना को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।

एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि लूट से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि बदमाशों ने पहले रेकी की थी और उन्हें होटल कारोबारी की गैरमौजूदगी की पूरी जानकारी थी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments