Monday, November 2, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडदेहरादून में शंकराचार्य के अपमान के विरोध में एकजुट हुए तीर्थ पुरोहित,...

देहरादून में शंकराचार्य के अपमान के विरोध में एकजुट हुए तीर्थ पुरोहित, 31 जनवरी को निकलेगी रैली

देहरादून। प्रयागराज माघ मेले के दौरान ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के कथित अपमान के विरोध में चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने 31 जनवरी को देहरादून में विरोध रैली निकालने का निर्णय लिया है। यह रैली गांधी पार्क से जिलाधिकारी कार्यालय तक निकाली जाएगी, जहां जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

शुक्रवार को आयोजित बैठक में चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत सहित अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने शंकराचार्य के अपमान की कड़ी निंदा की। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि यह घटना सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

चारधाम महापंचायत के मीडिया प्रभारी रजनीकांत सेमवाल ने बताया कि प्रयागराज की घटना से सनातन धर्म से जुड़े लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। इसी के विरोध में शांतिपूर्ण ढंग से रैली निकालकर अपनी बात सरकार तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और अहिंसक होगा।

इस प्रस्तावित रैली को गौ क्रांति मंच, गौ सांसद, परशुराम अखाड़ा हरिद्वार, मूल निवास भू-कानून समिति, युवा आह्वान, पौड़ी बचाओ संघर्ष समिति, पहाड़ स्वाभिमान और देवभूमि युवा संगठन समेत कई संगठनों का समर्थन प्राप्त है।

बैठक में उत्तराखंड चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत के महासचिव डॉ. बृजेश सती, गौ क्रांति मंच एवं गौ सांसद अनुसूया प्रसाद उनियाल, वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप चमोली, केदार सभा एवं महापंचायत के उपाध्यक्ष संतोष त्रिवेदी, मूल निवास भू-कानून समिति के संयोजक लूसुन तोड़रिया, युवा आह्वान के संस्थापक रोहित ध्यानी, पौड़ी बचाओ अभियान के नमन चंदोला, आशीष नौटियाल, महापंचायत के प्रवक्ता प्रशांत डिमरी और युवा स्वाभिमान सेना के पंकज उनियाल सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments