Monday, November 2, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडगणतंत्र दिवस: राज्य स्तरीय समारोह के लिए तैयार हो रही सूचना विभाग...

गणतंत्र दिवस: राज्य स्तरीय समारोह के लिए तैयार हो रही सूचना विभाग की भव्य झांकी, दिखेगी उत्तराखंड की सांस्कृतिक और विकास यात्रा

देहरादून।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस मौके पर सूचना विभाग की ओर से विशेष झांकी का प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और विकास यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। झांकी का निर्माण कार्य परेड ग्राउंड में चल रहा है, जिसे विभाग के संयुक्त निदेशक एकेएस चौहान की देखरेख में तैयार किया जा रहा है।

सूचना विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने बताया कि राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के लिए तैयार की जा रही यह झांकी विभाग की रजत जयंती, शीतकालीन धार्मिक यात्रा और पर्यटन की थीम पर आधारित है। झांकी के प्रथम भाग में मुखवा स्थित गंगा मंदिर को दर्शाया गया है, जो मां गंगा का शीतकालीन प्रवास स्थल है। इसके अग्रिम केबिन में उत्तराखंड के गठन के 25 गौरवशाली वर्षों की विकास यात्रा को प्रदर्शित किया गया है, जिसमें राज्य की सांस्कृतिक पहचान, उपलब्धियों और निरंतर प्रगति को उकेरा गया है।

झांकी के ट्रेलर भाग में उत्तराखंड को आयुर्वेद के अग्रणी राज्य के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसके दूसरे खंड में राज्य सरकार की होम स्टे योजना को दर्शाया गया है, जो पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय रोजगार को बढ़ावा दे रही है। इसके बाद खरसाली स्थित यमुना मंदिर को झांकी में शामिल किया गया है, जो मां यमुना का शीतकालीन धाम माना जाता है।

झांकी के अंतिम हिस्से में उठते हुए स्तंभों के माध्यम से उत्तराखंड की वर्ष-दर-वर्ष हो रही प्रगति को दर्शाया गया है, जो राज्य के सतत विकास का प्रतीक है। वहीं, झांकी के पार्श्व भाग में प्रदेश में लागू किए गए नए कानूनों और सुधारात्मक कदमों को भी प्रदर्शित किया गया है।

सूचना विभाग की यह झांकी राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण होगी। उल्लेखनीय है कि परेड ग्राउंड देहरादून में सूचना विभाग द्वारा पिछले 15 वर्षों से लगातार झांकी का आयोजन किया जा रहा है। वर्ष 2024 और 2025 में सूचना विभाग की झांकी को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है, जिससे इस वर्ष भी झांकी को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments