Monday, February 23, 2026
Homeअपराधदेहरादून: सिल्वर सिटी मॉल हत्याकांड में दो मददगार गिरफ्तार, विक्रम शर्मा मर्डर...

देहरादून: सिल्वर सिटी मॉल हत्याकांड में दो मददगार गिरफ्तार, विक्रम शर्मा मर्डर केस के खुलासे के करीब पुलिस

देहरादून। राजधानी देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में हुए चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में पुलिस को अहम सफलता मिली है। झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में शूटरों के दो मददगारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन गिरफ्तारियों के साथ ही पुलिस का दावा है कि वह पूरे हत्याकांड के खुलासे के बेहद करीब पहुंच गई है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक के बेटे ने हरिद्वार में वाहन बुक कराने के लिए यूपीआई के जरिए भुगतान किया था, जबकि दूसरे आरोपी ने शूटरों को वाहन, टिकट और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई थीं। इन दोनों से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर पुलिस ने हत्याकांड से जुड़ी कई कड़ियों को जोड़ लिया है।

इस मामले में विक्रम शर्मा की पत्नी और उसके भाई से भी पहले ही पूछताछ की जा चुकी है। पुलिस पारिवारिक और आपराधिक रंजिश, दोनों ही एंगल से मामले की जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में कुछ ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनसे हत्याकांड की साजिश की परतें खुलती नजर आ रही हैं।

गौरतलब है कि 13 फरवरी को सिल्वर सिटी मॉल में उस समय सनसनी फैल गई थी, जब जिम से बाहर निकल रहे विक्रम शर्मा को दो अज्ञात हमलावरों ने बेहद करीब से सिर में कई गोलियां मार दी थीं। इस वारदात को अंजाम देने के लिए तीन बदमाश बाइक पर पहुंचे थे। दो हमलावर मॉल की सीढ़ियों के पास घात लगाए खड़े थे, जबकि तीसरा साथी कुछ दूरी पर बाइक लेकर इंतजार कर रहा था। हत्या के बाद बदमाश कुछ सौ मीटर तक पैदल भागे और फिर काले रंग की बाइक से फरार हो गए।

विक्रम शर्मा मूल रूप से झारखंड के सिंहभूमि, जमशेदपुर का निवासी था और वर्तमान में देहरादून के अमन विहार क्षेत्र में रह रहा था। उस पर झारखंड में हत्या, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। काशीपुर में उसका स्टोन क्रशर था और वह प्रॉपर्टी कारोबार में भी सक्रिय था। पुलिस को उसके कई कुख्यात अपराधियों और गैंगस्टरों से संबंध होने की जानकारी भी मिली है।

हत्याकांड की जांच के सिलसिले में उत्तराखंड पुलिस की टीम झारखंड भी गई थी, जहां दुमका जेल में बंद अखिलेश सिंह से लंबी पूछताछ की गई। बताया जाता है कि विक्रम शर्मा और अखिलेश सिंह के बीच कभी गुरु-शिष्य जैसा संबंध रहा है, हालांकि बाद में आपसी रंजिश की चर्चाएं भी सामने आई हैं। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं आपराधिक वर्चस्व की लड़ाई इस हत्या की वजह तो नहीं बनी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूछताछ के दौरान विक्रम की पत्नी ने अपने देवर अरविंद पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल की जा रही है।

इस पूरे मामले पर एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि हत्याकांड के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमें लगातार काम कर रही हैं। सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल एविडेंस और संदिग्धों की लोकेशन समेत सभी तकनीकी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस को अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का पूरा खुलासा किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments