देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित सुंदरवाला इलाके में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से पहले युवक ने अपनी पत्नी और तीन माह की मासूम बच्ची को कमरे में बंद कर दिया था। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को सिटी कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि सुंदरवाला निवासी शुभम (24) पुत्र नरेंद्र सिंह ने अपने घर के कमरे में खिड़की की ग्रिल से फंदा लगाकर जान दे दी है। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
जब पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि परिजनों ने युवक को फंदे से उतारकर कमरे के फर्श पर लिटा दिया था। इसके बाद 108 एम्बुलेंस को मौके पर बुलाया गया, जहां स्वास्थ्य कर्मियों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही फील्ड यूनिट टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की तथा जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेज दिया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी की।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक का नवंबर 2024 में प्रेम विवाह हुआ था और वह पेशे से ड्राइवर था। वहीं पति-पत्नी के बीच विवाद की बात भी सामने आई है, जिसे जांच के दायरे में रखा गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।