Monday, February 23, 2026
Homeउत्तराखंडDevprayag News: तोताघाटी में पहाड़ी से गिरे विशाल बोल्डर की चपेट में...

Devprayag News: तोताघाटी में पहाड़ी से गिरे विशाल बोल्डर की चपेट में आया ट्रक, चालक की दर्दनाक मौत

देवप्रयाग। ऋषिकेश–बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अति संवेदनशील क्षेत्र तोताघाटी में बुधवार को एक भीषण हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक गिरे विशाल बोल्डर की चपेट में आने से एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर घंटों यातायात बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश से सीमेंट लादकर श्रीनगर की ओर जा रहा एक ट्रक जैसे ही तोताघाटी के पास पहुंचा, तभी पहाड़ी से अचानक छोटे-बड़े पत्थरों के साथ एक भारी बोल्डर नीचे आ गिरा। बोल्डर सीधे ट्रक के केबिन पर गिरा, जिससे केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि चालक की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। पहाड़ी से गिरे मलबे और पत्थरों के कारण ट्रक बुरी तरह फंस गया था। राहत टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बोल्डर के नीचे दबे चालक के शव को बाहर निकाला।

मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान मुरारी लाल (55 वर्ष) निवासी पुदियानी, कर्णप्रयाग (जनपद चमोली) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवप्रयाग भिजवाया और मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।

दुर्घटना के कारण ऋषिकेश–बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग लगभग चार घंटे तक पूरी तरह बंद रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क से मलबा और बोल्डर हटाकर मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया।

गौरतलब है कि तोताघाटी क्षेत्र भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाओं के लिए कुख्यात माना जाता है और इसे खतरनाक ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है। प्रशासन ने यात्रियों और वाहन चालकों से इस मार्ग पर सफर के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments