देहरादून स्थित Doon Medical College की मेस में एमबीबीएस छात्रों को कीड़ों वाली सब्जी परोसे जाने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया और मेस परिसर में जमकर हंगामा हुआ। बताया जा रहा है कि करीब 20 छात्र अनजाने में कीड़ों वाली सब्जी खा चुके थे। छात्रों को सब्जी में मौजूद काले कीड़े जीरे जैसे दिखाई दिए, जिसके कारण उन्होंने खाना खा लिया।
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार रात की है। तय समय पर एमबीबीएस छात्र डिनर करने के लिए मेस पहुंचे थे। उस दिन मेस में सफेद मटर की सब्जी बनाई गई थी। मेस कर्मचारियों ने छात्रों को खाना परोसना शुरू किया और कई छात्र खाना लेकर टेबल पर बैठ गए। इसी दौरान करीब 20 छात्रों ने खाना खा भी लिया।
बताया गया कि सब्जी में बड़ी संख्या में काले रंग के कीड़े मौजूद थे। शुरुआत में छात्रों को लगा कि यह जीरा है, इसलिए उन्होंने बिना संदेह किए खाना खा लिया। बाद में जब अन्य छात्रों ने खाना लिया तो उन्हें सब्जी में कुछ संदिग्ध दिखाई दिया। ध्यान से देखने पर पता चला कि सब्जी में बड़ी मात्रा में कीड़े हैं।
इसके बाद छात्रों ने तत्काल इसकी सूचना कॉलेज प्रशासन और मेस संचालक को दी। देखते ही देखते मेस में बड़ी संख्या में छात्र एकत्रित हो गए और विरोध शुरू हो गया। छात्रों ने मेस प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
स्थिति बिगड़ती देख मेस संचालक ने तुरंत दूसरी सब्जी तैयार करवाने का आश्वासन दिया। बाद में छात्रों को दोबारा भोजन परोसा गया, तब जाकर मामला शांत हुआ।
कीड़ों वाला खाना खाने के बाद छात्रों को हुई उल्टियां
जिन छात्रों ने कीड़ों वाली सब्जी खाई थी, उन्हें सच्चाई पता चलते ही घबराहट होने लगी। कई छात्रों को उल्टियां भी हुईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी छात्र की तबीयत गंभीर रूप से नहीं बिगड़ी। कॉलेज प्रशासन ने सभी छात्रों के स्वास्थ्य पर निगरानी रखने की बात कही है।
मामले में कॉलेज प्रशासन का पक्ष जानने के लिए प्राचार्य डॉ. गीता जैन से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन शाम करीब 7:35 बजे उनका फोन बंद मिला।
शुक्रवार को मेस बंद, छात्रों को बाहर खाना खाने पर मजबूर होना पड़ा
मेस में सामने आए इस मामले और कथित मेस घोटाले के बाद शुक्रवार को छात्रों को खाना नहीं दिया गया। सुबह जब छात्र नाश्ता करने मेस पहुंचे तो गेट बंद मिला। जानकारी लेने पर पता चला कि उस दिन मेस में भोजन तैयार ही नहीं किया गया था।
इसके बाद छात्रों को बाहर जाकर भोजन करना पड़ा। इसको लेकर भी छात्रों में नाराजगी देखी गई। छात्रों का कहना है कि मेस प्रबंधन की लापरवाही लगातार सामने आ रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
जांच के आदेश, सख्त कार्रवाई की चेतावनी
मामले पर चिकित्सा शिक्षा विभाग के निदेशक डॉ. अजय आर्य ने कहा कि घटना की जानकारी तलब कर ली गई है। उन्होंने कहा कि मेस में इस तरह की लापरवाही छात्रों की सेहत के साथ खिलवाड़ है। मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।