ज्योलीकोट (नैनीताल)। जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर की दूर ग्रामसभा चोपड़ा में शुक्रवार शाम छह बजे एक बार फिर वचनढूंगा की पहाड़ी से पत्थर और मलबा के गिरने से ग्रामीण दहशत में आ गए। अनहोनी की आशंका से सहमे हुए सात परिवारों ने अन्य जगहों पर शरण ली है। पिछले साल अक्तूबर को आई आपदा के बाद से चोपड़ा गांव के लोग बारिश होते ही दहशत में रात गुजारने को मजबूर हो जाते हैं।
ग्रामीणों की समस्या को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसके बाद कमिश्नर, एडीएम समेत अन्य अधिकारियों ने क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए थे। चट्टानों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा था। डीएम ने चट्टान के नीचे बसे लोगों को अन्य जगह शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं। बृहस्पतिवार की रात और शुक्रवार की शाम को पहाड़ी से भूस्खलन के साथ पत्थर और बोल्डरों के गिरने से ग्रामीण एक बार फिर दहशत में आ गए हैं। पूर्व ग्राम प्रधान जीवन चंद्र ने बताया कि भूस्खलन के बाद से ग्रामीण भय के माहौल में है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जल्द से जल्द उक्त समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। इधर, भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग के गरमपानी और खैरना से लगी थुवा की पहाड़ी से शाम के समय बोल्डरों के गिरने से वाहन चालकों को आवाजाही में परेशानी हुई। पहाड़ी के कुछ पत्थर लोगों के घरों तक पहुंचे। प्रशासन की टीम भी नदी किनारे रहने वाले लोगों को रात के समय जागरूक रहने की अपील कर रही है।
फिरे गिरे पत्थर, बोल्डरों से ग्रामीणों में दहशत
RELATED ARTICLES