Tuesday, October 13, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डहाई प्रोफाइल सीटों पर हो सकता है पैसे का खेल, आयोग के...

हाई प्रोफाइल सीटों पर हो सकता है पैसे का खेल, आयोग के रडार पर सात विधानसभा सीटें

प्रदेश की हाईप्रोफाइल सात विधानसभा सीटों पर चुनाव जीतने के लिए प्रत्याशी पैसे का खेल कर सकते हैं। चुनाव आयोग ने इन सातों सीटों को अपने रडार पर ले लिया है। वहीं, 2017 के मुकाबले इस चुनाव में अब तक दोगुनी रकम और शराब बरामद की जा चुकी है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि आयोग ने अपने सर्वे के बाद सात विधानसभा सीटों को धनबल के इस्तेमाल की प्रबल संभावना मानते हुए चिन्ह्ति किया है। उन्होंने बताया कि इनमें कुमाऊं की सितारगंज, काशीपुर, बाजपुर, हल्द्वानी और लालकुआं सीट शामिल हैं जबकि गढ़वाल मंडल की चकराता व हरिद्वार सीट शामिल हैं।
प्रत्याशियों के नजरिए से देखें तो सितारगंज में पूर्व सीएम विजय बहुगुणा का बेटा सौरभ बहुगुणा, बाजपुर में पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य, लालकुआं में पूर्व सीएम हरीश रावत, चकराता में नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, हरिद्वार में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, हल्द्वानी में पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्व. इंदिरा हृदयेश के बेटे सुमित हृदयेश और काशीपुर में हरभजन सिंह चीमा के बेटे त्रिलोक सिंह चीमा चुनाव मैदान में हैं। मोटे तौर पर यह सीटें हाई प्रोफाइल होने के साथ ही यहां धनबल की आशंका है। चुनाव आयोग ने यहां टीमें सक्रिय की हुई हैं।
2017 के मुकाबले दोगुनी रकम व शराब पकड़ी
विधानसभा चुनाव में किस कदर पैसे और शराब से वोटरों को लुभाने की कोशिश की जा रही है, इसकी कहानी चुनाव आयोग की अब तक हुई कार्रवाई बयां कर रही है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या ने बताया कि 2017 में छह करोड़ 85 रुपये कीमत की शराब व कैश पकड़े थे। 2019 में सात करोड़ 31 लाख रुपये पकड़े गए थे। इस बार अब तक 12 करोड़ 27 लाख रुपये कीमत की शराब व कैश बरामद किया जा चुका है। इनमें साढ़े तीन करोड़ कैश, तीन करोड़ दस लाख रुपये कीमत की शराब, चार करोड़ 70 लाख रुपये कीमत की ड्रग्स और करीब 24 लाख कीमत के गहने शामिल हैं। अभी छह दिन का समय बाकी है, जिससे यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments