Friday, November 28, 2025
Homeअंतर राष्ट्रीयHong Kong Fire: मौत का आंकड़ा 128 के पार, जली इमारतों से...

Hong Kong Fire: मौत का आंकड़ा 128 के पार, जली इमारतों से लगातार निकल रहे शव

हांगकांग के ताई पो इलाके में बुधवार को हुई भीषण आग ने पूरे शहर को शोक में डूबो दिया है। वांग फुक कोर्ट के रिहायशी परिसर में लगी आग में मृतकों की संख्या बढ़कर 128 हो गई है। शुक्रवार को जारी तलाशी अभियान के दौरान कई और शव मिलने से मृतकों का आंकड़ा और बढ़ गया। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि यह संख्या आगे और बढ़ सकती है।

सात इमारतें आग की लपटों में घिरीं, बांस की मचान से तेजी से फैली आग

वांग फुक कोर्ट परिसर में आठ इमारतें थीं, जिनमें से सात इमारतें आग की चपेट में आ गईं। इमारतों में निर्माण और मरम्मत का काम चल रहा था, जिसके लिए बड़ी संख्या में बांस की मचान लगाई गई थी। इन्हीं के कारण आग तेजी से फैली और देखते ही देखते कई इमारतों को अपनी चपेट में ले लिया।

आग को काबू करने के लिए 1000 से अधिक अग्निशमन कर्मियों ने करीब 24 घंटे तक राहत और बचाव कार्य चलाया। इसके बावजूद शुक्रवार को कई हिस्सों में धुआं उठता देखा गया।

4,800 से अधिक निवासी प्रभावित, 70 से ज्यादा घायल

जहां आग लगी, उस परिसर में 2,000 फ्लैट थे और उनमें करीब 4,800 लोग रहते थे। हादसे में 70 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें 11 अग्निशमन कर्मी भी शामिल हैं।
करीब 900 प्रभावित लोगों को अस्थायी शिविरों में शिफ्ट किया गया है।

सबसे गंभीर क्षति उन दो इमारतों में हुई, जहां आग की शुरुआत हुई थी।

सुरक्षा सचिव क्रिस तांग का बयान: मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है

हांगकांग के सुरक्षा सचिव क्रिस तांग ने बताया कि जली हुई इमारतों से लगातार शव बरामद किए जा रहे हैं। कई फ्लोर पूरी तरह काले हो चुके हैं, जिससे तलाशी अभियान और अधिक जटिल हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम चरण के बचाव कार्य में जुटी है।

गंभीर लापरवाही पर कार्रवाई, तीन लोग गिरफ्तार

हांगकांग पुलिस ने हादसे के बाद एक निर्माण कंपनी के दो निदेशकों और एक अन्य कर्मचारी को गंभीर लापरवाही के आरोप में गिरफ्तार किया है।
जांच में प्राथमिक तौर पर संकेत मिले हैं कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों को नजरअंदाज किया गया था।

सरकार सख्त, सभी निर्माणाधीन हाउसिंग एस्टेट्स का होगा निरीक्षण

इस त्रासदी के बाद हांगकांग प्रशासन ने फैसला किया है कि सभी हाउसिंग एस्टेट्स, जहां पुनर्निर्माण या मरम्मत का कार्य चल रहा है, का तत्काल निरीक्षण किया जाएगा।
उद्देश्य मचान, निर्माण सामग्री और सुरक्षा उपकरणों की गुणवत्ता की जांच कर किसी संभावित खतरे को रोकना है।

हांगकांग के इतिहास का सबसे भयानक अग्निकांडों में शामिल

चीनी मीडिया के अनुसार—

  • 1996: कोवलून की एक व्यावसायिक इमारत में आग, 41 मौतें

  • 1948: एक गोदाम अग्निकांड, 176 मौतें
    वांग फुक कोर्ट की यह आग अब हांगकांग के इतिहास के सबसे भयावह अग्निकांडों में दर्ज हो चुकी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments