Wednesday, October 28, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डपुलभट्टा में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, एक आरोपी घायल, दो दबोचे

पुलभट्टा में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, एक आरोपी घायल, दो दबोचे

रुद्रपुर। किच्छा के बरा क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर शाम को पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ हो गई जिसमें एक आरोपी घायल हो गया है। चर्चा है की हल्द्वानी में सराफ पर हुई फायरिंग के आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस वहां गई थी लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक आरोपी घायल हो गया जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। थोड़ी देर बाद पुलिस ने बरा से करीब 16 किमी दूर पीलीभीत मार्ग पर स्थित यूपी से सटी सरकड़ा चौकी के पास एक और आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने घायल बदमाश को सितारगंज के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां से उसे प्राथमिक इलाज के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
बुधवार को हल्द्वानी के एक सराफ कारोबारी पर कुछ बदमाशों ने फायरिंग कर दी थी। सूत्रों का कहना है कि बृहस्पतिवार को नैनीताल पुलिस से ऊधमसिंह नगर की पुलिस को इनपुट मिला था कि बदमाश पुलभट्टा से आगे सितारगंज के पास बरा क्षेत्र में हैं और पुलिस ने वहां जाकर घेराबंदी शुरू कर दी। अपराधियों की घेराबंदी के लिए जिला मुख्यालय के आला पुलिस अधिकारियों समेत किच्छा कोतवाली, पुलभट्टा थाना और सितारगंज कोतवाली की पुलिस को लगाया गया था। बताया जा रहा है कि जिला पुलिस के साथ नैनीताल पुलिस भी थी। घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। चर्चा है कि पुलिस ने भी क्रॉस फायरिंग की है। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी का नाम गुरदीप सिंह निवासी बेरिया दौलत बताया गया है। इस बीच पुलिस टीम ने पीछा कर एक अन्य बदमाश को यूपी से सटी सरकड़ा चौकी के पास दबोच लिया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी का कहना है कि पुलभट्टा थाना पुलिस देर शाम को चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस को तीन-चार संदिग्ध नजर आए। पुलिस ने जब उन्हें रोकना चाहा तो वे भागने लगे और भागते हुए ही उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। एसएसपी का कहना है कि जवाब में की गई फायरिंग में एक संदिग्ध को पैर में गोली लग गई जिसे पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस कस्टडी में आरोपी को सितारगंज अस्पताल लेकर आया गया जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इस दौरान सितारगंज थाना और अस्पताल छावनी में तब्दील रहा। वहां डीआईजी नीलेश आनंद भरणे, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, सीओ ओमप्रकाश शर्मा सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। बदमाश के इलाज के दौरान अस्पताल के भीतर किसी को नहीं जाने दिया गया। एसपी सिटी मनोज कत्याल का कहना है कि हल्द्वानी में सराफ पर फायरिंग करने वाले आरोपियों को पकड़ने की सूचना थी लेकिन अभी पक्का नहीं कहा जा सकता है कि ये वही आरोपी थे। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पूछताछ के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments