Saturday, April 18, 2026
Homeअपराधजौलीग्रांट में पति बना हैवान: आपसी विवाद में पत्नी पर चाकू से...

जौलीग्रांट में पति बना हैवान: आपसी विवाद में पत्नी पर चाकू से हमला, इलाज के दौरान मौत; आरोपी गिरफ्तार

जौलीग्रांट: देहरादून जनपद के जौलीग्रांट क्षेत्र में घरेलू विवाद ने एक भयावह रूप ले लिया, जहां एक पति ने गुस्से में आकर अपनी ही पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जौलीग्रांट के पाल मोहल्ले में किराए पर रह रहे दंपति के बीच शुक्रवार शाम किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पति गोपाल (39) ने अपनी पत्नी प्रतिभा (30) पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन शनिवार सुबह उपचार के दौरान प्रतिभा ने दम तोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी गोपाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले का रहने वाला है और जौलीग्रांट में मजदूरी करता था। वह अपनी पत्नी के साथ पाल मोहल्ले में किराए के मकान में रह रहा था।

मामले में मृतका के भाई विवेक ने पुलिस में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई है। जौलीग्रांट पुलिस चौकी इंचार्ज चिंतामणि मैथानी ने बताया कि आरोपी ने अपनी पत्नी के पेट में चाकू से दो बार वार किया था, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments