Tuesday, April 14, 2026
Homeअपराधकाशीपुर हाईवे पर बदमाशों की फायरिंग, स्कॉर्पियो सवार कारोबारी समेत चार लोग...

काशीपुर हाईवे पर बदमाशों की फायरिंग, स्कॉर्पियो सवार कारोबारी समेत चार लोग सुरक्षित

काशीपुर/बिलासपुर: काशीपुर हाईवे पर रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों ने एक स्कॉर्पियो वाहन पर फायरिंग कर दी। वाहन में सवार कारोबारी और उसके तीन साथी इस हमले में बाल-बाल बच गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मनिहार खेड़ा, बिलासपुर (रामपुर) निवासी विजय, जो “कार बाजार” के नाम से पुराने वाहनों का कारोबार करते हैं, रविवार रात करीब 11:30 बजे अपने साथियों नजर अली, महेश और रवि के साथ रुद्रपुर के गावा चौक गए थे। काम खत्म कर सभी स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान फ्लाईओवर के पास पीछे से आए बाइक सवार तीन युवकों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाते हुए पिस्टल से फायरिंग कर दी। अचानक हुई इस घटना से वाहन में सवार लोग घबरा गए, लेकिन चालक विजय ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और सीधे आदर्श कॉलोनी पुलिस चौकी पहुंचकर घटना की जानकारी दी।

बताया जा रहा है कि घटना स्थल उत्तर प्रदेश के बिलासपुर क्षेत्र के रुद्र-बिलास चौकी क्षेत्र में आता है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने तुरंत यूपी पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची यूपी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों से पूछताछ की और जांच शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि मामले की जांच उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अन्य एजेंसियों से भी सहयोग लिया जाएगा।

फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments