Thursday, October 8, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeअपराध339 दिन बाद सुलझा लैब कर्मचारी हत्याकांड: प्रेम प्रसंग में होमगार्ड ने...

339 दिन बाद सुलझा लैब कर्मचारी हत्याकांड: प्रेम प्रसंग में होमगार्ड ने मारी थी गोली, सड़क किनारे मिला था शव

हरिद्वार जनपद के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में हुए लैब कर्मचारी हत्याकांड का पुलिस ने 339 दिन बाद खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी होमगार्ड अभिमन्यु को गिरफ्तार किया है, जिसने प्रेम प्रसंग के चलते पैथोलॉजी लैब में कार्यरत युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने मंगलवार को रानीपुर कोतवाली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बहादराबाद स्थित एक पैथोलॉजी लैब में काम करने वाले वसीम (21), पुत्र मुस्तकीम, का शव 18 जनवरी को ग्राम गढ़मीरपुर में सड़क किनारे पड़ा मिला था। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा था।

अगले दिन जब शव को सुपुर्द-ए-खाक करने से पूर्व धार्मिक परंपराओं के अनुसार नहलाया जा रहा था, तभी परिजनों की नजर वसीम की कमर पर बने गोली के छेद पर पड़ी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों को हत्या की आशंका हुई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जिसमें पुष्टि हुई कि वसीम की गोली मारकर हत्या की गई थी। इसके बाद मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। काफी समय तक जांच चलने के बावजूद कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी अब प्रताप सिंह को हत्याकांड के खुलासे की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके बाद रानीपुर कोतवाल शांति कुमार गंगवार, सीआईयू प्रभारी नरेंद्र बिष्ट और वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान की संयुक्त टीम ने दोबारा गहन जांच शुरू की। पुराने साक्ष्यों की समीक्षा की गई और कई संदिग्धों से पूछताछ की गई।

जांच के दौरान मिले अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने सोमवार शाम आरोपी होमगार्ड अभिमन्यु निवासी ग्राम सकौती गुरुकुल, नारसन मंगलौर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका एक महिला होमगार्ड के साथ प्रेम प्रसंग था और वसीम उसे परेशान करता था। इसी कारण उसने वसीम को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

आरोपी ने स्वीकार किया कि वह काफी समय से वसीम की गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। 18 जनवरी को जब वसीम लैब से काम खत्म कर लौट रहा था, तभी आरोपी ने तमंचे से उसकी पीठ पर गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है।

एसएसपी ने बताया कि आरोपी वारदात के समय महिला होमगार्ड की स्कूटी लेकर आया था, लेकिन जांच में महिला होमगार्ड की किसी भी तरह की संलिप्तता सामने नहीं आई है। महिला अविवाहित है, जबकि आरोपी शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस खुलासे के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments