हल्द्वानी। एलएलबी के एक छात्र को कुछ युवक घर से बुला ले गए और सुनसान जगह ले जाकर उससे मारपीट की। शोर शराबा सुनकर स्थानीय लोग पहुंचे तो आरोपी उसकी बाइक, मोबाइल और रुपये छीनकर फरार हो गए। युवक ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। बद्रीपुरा निवासी गौरव पांडेय ने बताया कि वह एक लॉ कॉलेज में एलएलबी द्वितीय सेमेस्टर का छात्र है। रविवार दोपहर एक परिचित युवक ने उसे फोन कर क्षेत्र में ही स्थित एक दुकान पर बुलाया। वहां से वह उसके साथ बाइक पर बैठा और अपने साथ ले गया। गौरव के मुताबिक परिचित ने हीरानगर में जंगलात वाले मार्ग पर अपना बैग छूटने की बात कही और उसे अपने साथ वहां ले गया। दो युवक पहले से वहां छिपे बैठे थे। अचानक दोनों सामने आए और बाइक की चाबी निकालकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसके बाद आरोपियों ने छात्र को जबरन बाइक पर बैठाने की भी कोशिश की लेकिन उसी समय कुछ स्थानीय लोग पहुंचे तो आरोपी उसकी बाइक, मोबाइल और रुपये छीनकर फरार हो गए। कुछ देर बाद युवक कोतवाली पहुंचा और मामले की शिकायत की। वहीं तहरीर मिलते ही कोतवाली पुलिस ने आरोपी विराट कपकोटी, आराध्य रावत और अभय ढैला के खिलाफ लूट की धारा 392 समेत मारपीट व गाली-गलौज की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमें भी रवाना हो चुकी हैं।