Friday, November 13, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडमसूरी में विंटर लाइन कार्निवाल का शानदार आगाज, पहली बार हेलीकॉप्टर से...

मसूरी में विंटर लाइन कार्निवाल का शानदार आगाज, पहली बार हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में विंटर लाइन कार्निवाल का भव्य और रंगारंग शुभारंभ हो गया है। कार्निवाल की शुरुआत पारंपरिक सांस्कृतिक यात्रा के साथ की गई, जिसमें उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिली। ढोल-दमाऊ की गूंज और लोक गीतों के बीच निकली यात्रा ने पूरे शहर को उत्सव के रंग में रंग दिया।

कार्निवाल का विधिवत उद्घाटन कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया। इस अवसर को खास बनाते हुए सांस्कृतिक यात्रा के दौरान पहली बार हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। आसमान से बरसते फूलों ने न केवल यात्रा की भव्यता बढ़ाई, बल्कि पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए यह दृश्य खास आकर्षण का केंद्र बना रहा।

24 से 29 दिसंबर तक आयोजित होने वाले विंटर लाइन कार्निवाल के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और पर्यटन स्थलों पर प्रतिदिन रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। लंढौर सर्वे मैदान से लाइब्रेरी चौक तक निकली सांस्कृतिक यात्रा में उत्तराखंड के लोक कलाकारों, विभिन्न सांस्कृतिक दलों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्कूली छात्राओं और राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

सांस्कृतिक यात्रा का शुभारंभ मसूरी महोत्सव समिति के सचिव एवं एसडीएम राहुल आनंद और नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम के दौरान लाइब्रेरी चौक पर आईटीबीपी बैंड टीम ने आकर्षक प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इसके साथ ही पारंपरिक मंगल गीतों का आयोजन भी किया गया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और अधिक उल्लासपूर्ण हो गया।

विंटर लाइन कार्निवाल के माध्यम से मसूरी में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति और सांस्कृतिक पहचान को देश-विदेश तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। आगामी दिनों में होने वाले विविध कार्यक्रम पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण बने रहेंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments