नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पांच दिन से लापता युवक का शव गहरी खाई से बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मृतक की पहचान अल्मोड़ा निवासी दीपक उपाध्याय के रूप में हुई है। परिजनों ने इस मामले में युवक के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, दीपक उपाध्याय बीते बुधवार को तल्लीताल रोडवेज स्टेशन क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक लापता हो गया था। युवक के लापता होने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आसपास लगे 20 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सघन सर्च अभियान शुरू किया। बावजूद इसके शुरुआती चार दिनों तक पुलिस को कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग पाया।
जांच के दौरान पुलिस ने युवक के साथ आखिरी बार देखे गए उसके तीन दोस्तों से भी पूछताछ की। वहीं सोमवार को चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान टूटा पहाड़ क्षेत्र में करीब 80 मीटर गहरी खाई में युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के भाई ने आरोप लगाया है कि दीपक के दोस्तों की भूमिका संदिग्ध है और उन्होंने ही इस घटना को अंजाम दिया हो सकता है। परिजनों का कहना है कि युवक का अचानक गायब होना और फिर इस हालत में शव मिलना कई सवाल खड़े करता है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाने के लिए सैंपल एकत्र करेगी, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। संबंधित लोगों से लगातार पूछताछ जारी है और पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।