देहरादून: देहरादून में बढ़ती गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। उत्तराखंड में इस समय तापमान अपने चरम पर पहुंच गया है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने सोमवार को देहरादून में भीषण गर्मी और लू चलने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल ने आदेश जारी कर सोमवार को जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों, शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
प्रशासन का कहना है कि बच्चों को भीषण गर्मी और लू के खतरे से बचाने के लिए यह निर्णय लिया गया है। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें और पर्याप्त पानी का सेवन कराते रहें।
इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि अस्पतालों में हीट वेव से निपटने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसमें पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता, डॉक्टरों की तैनाती और आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखना शामिल है।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचें, सिर ढककर रखें और अधिक से अधिक तरल पदार्थ का सेवन करें, ताकि लू के प्रभाव से बचा जा सके।