Wednesday, October 28, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डहरिद्वार में शोभायात्रा पर पथराव : देर रात डेढ़ बजे तक चला...

हरिद्वार में शोभायात्रा पर पथराव : देर रात डेढ़ बजे तक चला बवाल, बजरंग दल ने दी थाने में धरने की चेतावनी

हरिद्वार जिले के भगवानपुरा क्षेत्र के डाडा जलालपुर गांव में हनुमान जयंती की शोभा यात्रा में हुए बवाल का मामला शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे तक चला। पुलिस अधिकारियों के समझाने बुझाने और शरारती तत्वों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद पुलिस की मौजूदगी में शोभा यात्रा को पूरा कराया गया। इसी दौरान शरारती तत्वों ने जलालपुर गांव के फरकपुर जाने वाले रास्ते पर एक दुकान का शटर तोड़ दिया। दुकान के सामान और काउंटर को बाहर फेंक दिया और सामान में आग लगा दी। इसके अलावा एक छप्पर में भी आग लगाई गई। पुलिस जब तक वहां पहुंचती, शरारती तत्व फरार हो चुके थे। गांव में अभी भी भारी पुलिस बल तैनात है।
मामले में करीब 14 नामजद, 150 से 200 आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
फिलहाल गांव में शांति है। अब पुलिस इस मामले में कार्रवाई की तैयारी कर रही है। एसपी देहात परमेंद्र डोबाल ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने शोभा यात्रा पर पथराव करने के मामले में करीब 14 नामजद समेत 150 से 200 आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। इनकी गिरफ्तारी भी की जाएगी। वहीं 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। देर रात जिला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस अधिकारी गांव में कैंप कर रहे हैं साथ ही गांव के हालातों पर पैनी नजर रखे हुए हैं। वहीं देर रात शोभा यात्रा संपन्न होने के बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का पाठ किया। आरोपितों पर रासुका लगाने की मांग की गई है। वहीं यूपी की तर्ज पर बवालियों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग भी उठाई है।
बजरंग दल ने दी चेतावनी, शाम तक नहीं हुई गिरफ्तारी तो थाने पर धरना
दादा जलालपुर में हनुमान जन्मोत्सव को लेकर निकाली गई शोभायात्रा पर पथराव और आगजनी की घटना के बाद से हिंदू संगठनों में आक्रोश है। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि बवालियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह थाने पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। इतना ही नहीं जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तब तक धरना देंगे। डीएम और एसएसपी ने जल्द सभी आरोपितों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। पथराव और बवाल के बाद विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री शिवप्रसाद त्यागी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गांव में पहुंचे जो रविवार तड़के तीन बजे तक गांव में ही डटे रहे। गांव में पहुंचे जिलाधिकारी विनय शंकर पांडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाक्‍टर योगेंद्र सिंह रावत से हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि शोभा यात्रा पर हमला एक सुनियोजित योजना का हिस्सा है।
जिन लोगों ने माहौल खराब किया है, उनको नहीं बख्शा जाएगा : पुलिस
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस इस मामले में बेहद कमजोर ढंग से कार्रवाई कर रही है, जिस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस मामले में सभी आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा। जिन लोगों ने माहौल खराब किया है, उनको नहीं बख्शा जाएगा।
वहीं दूसरी ओर रविवार शाम 3:30 बजे जिलाधिकारी विनय शंकर पांडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डक्‍टर योगेंद्र सिंह रावत भगवानपुर थाना परिसर में बैठक करेंगे और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी से अपील की जाएगी। भगवानपुर थाने पर और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। साथ ही गांव पर जाने वाले मार्ग पर पुलिस का पहरा बैठा दिया गया है। सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी निगाह है। सभी से अपील की जा रही है कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें, इस मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments