Thursday, May 7, 2026
Homeउत्तराखंडRudrapur News: प्रसव के बाद महिला की मौत पर जिला अस्पताल में...

Rudrapur News: प्रसव के बाद महिला की मौत पर जिला अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

रुद्रपुर के जवाहर लाल नेहरू जिला अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो जाने से परिजनों में भारी आक्रोश फैल गया। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और स्टाफ पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सिंह कॉलोनी निवासी सौरभ मिश्रा अपनी गर्भवती पत्नी ज्योति पांडे (28 वर्ष) को बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे प्रसव पीड़ा होने पर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। परिजनों का आरोप है कि उस समय अस्पताल में कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था, इसके बावजूद नर्सिंग स्टाफ ने महिला को भर्ती कर लिया।

बताया जा रहा है कि देर रात करीब 1:30 बजे ज्योति ने एक पुत्री को जन्म दिया। प्रसव के कुछ समय बाद ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उसे सांस लेने में परेशानी होने लगी। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में ऑक्सीजन की समुचित व्यवस्था नहीं थी और स्थिति गंभीर होने के बावजूद महिला को किसी अन्य अस्पताल रेफर नहीं किया गया।

मृतका के पति सौरभ मिश्रा का कहना है कि उनकी पत्नी की मौत रात में ही हो चुकी थी, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने इसकी जानकारी सुबह दी। इससे परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने अस्पताल में हंगामा करते हुए चिकित्सकों और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया।

परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन भी सवालों के घेरे में आ गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments