Thursday, May 7, 2026
Homeअपराधकेदारनाथ धाम में संदिग्ध व्यक्ति पकड़ा गया, धारदार हथियार और खिलौना बंदूकें...

केदारनाथ धाम में संदिग्ध व्यक्ति पकड़ा गया, धारदार हथियार और खिलौना बंदूकें बरामद

केदारनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था के तहत चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है। तलाशी के दौरान उसके पास से दो धारदार हथियार और दो खिलौना बंदूकें बरामद की गईं। घटना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा केदारनाथ धाम क्षेत्र में टेंटों और अस्थायी ठिकानों की गहन जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पूछताछ और तलाशी लेने पर उसके पास से दो धारदार हथियार तथा दो खिलौना बंदूकें बरामद हुईं।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पकड़ा गया व्यक्ति उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद का निवासी है। सीओ केदारनाथ नितिन लोहनी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क कर लिया है और मामले में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

जांच के दौरान यह भी पता चला कि संबंधित व्यक्ति को एक टेंट संचालक ने बिना वैध पहचान पत्र की जांच किए ही ठहराया था। इस पर पुलिस ने संबंधित टेंट संचालक के खिलाफ भी चालानी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि यात्रा सीजन के दौरान सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments