बीईओ थलीसैंण के औचक निरीक्षण में एक इंटर कॉलेज में एडवांस उपस्थिति दर्ज कर नदारद मिली प्रधानाचार्य व वरिष्ठ सहायक के एक माह के वेतन पर रोक लगा दी गई है। साथ ही बीईओ की रिपोर्ट पर सीईओ ने प्रधानाचार्य व वरिष्ठ सहायक का स्पष्टीकरण तलब कर तीन दिन में जवाब देने को कहा है।
ब्लाक थलीसैंण के जीजीआईसी पोखरी में खंड शिक्षा अधिकारी विवेक पंवार ने विगत 19 जुलाई को औचक निरीक्षण किया था। तक विद्यालय में प्रधानाचार्य व वरिष्ठ सहायक 19 जुलाई के साथ-साथ 20 जुलाई की उपस्थिति दर्ज कर नदारद मिले थे। साथ ही दो अध्यापिकाएं निरीक्षण के दिन अनुपस्थित मिली थीं। बीईओ पंवार ने मामले में सभी की अनुपस्थिति दर्ज कर कार्रवाई की संस्तुति सीईओ को भेजी थी। सीईओ डा. भारद्वाज ने बताया कि जीजीआईसी पोखरी की प्रधानाचार्य संध्यापाल का सेवा के प्रति गंभीर लापरवाही बरतने और विद्यालय की व्यवस्थाओं के सुचारु संचालन में नाकाम रहने पर स्पष्टीकरण लेते हुए तीन दिनों में जवाब मांगा है। साथ ही वरिष्ठ सहायक अमित रावत का स्पष्टीकरण भी लिया गया है। डा. भारद्वाज ने बताया कि प्रधानाचार्य व वरिष्ठ सहायक के जुलाई माह के वेतन पर रोक लगा दी गई है। वहीं बीईओ थलीसैंण विवेक पंवार ने बताया कि निरीक्षण के दिन ही अध्यापिका रविंद्रा के बीमार होने की स्थिति स्पष्ट हो गई थी। जबकि अध्यापिका शम्स अंसारी के बीमार होने की सूचना है लेकिन उनकी स्थिति स्पष्ट नहीं है।