Wednesday, November 18, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डतुष्टिकरण और जुमे की नमाज की छुट्टी भाजपा का प्रपंच: गोदियाल

तुष्टिकरण और जुमे की नमाज की छुट्टी भाजपा का प्रपंच: गोदियाल

प्रदेश की सत्ता में वापसी के लिए कांग्रेस इस चुनाव में पूरी तैयारी से डटी है। सत्तारूढ़ भाजपा को शिकस्त देने के लिए पार्टी ने कई स्तर पर रणनीति को अंजाम दिया है। पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी को सिर्फ 11 सीटों पर संतोष करना पड़ा था। कांग्रेस इस बार भाजपा सरकार के खिलाफ एंटी इनकंबेंसी के साथ ही दो बार मुख्यमंत्री बदलने को मुद्दा बना रही है। प्रदेश के दिग्गज नेताओं से लेकर राष्ट्रीय नेता चुनाव में पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने को ताकत झोंके हुए हैं। कांग्रेस इस चुनाव में भी भाजपा के स्टार प्रचार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और डबल इंजन से खतरा महसूस कर रही है, इसलिए दोनों ही पार्टी के निशाने पर हैं। कांग्रेस के सामने चुनाव में मौजूद चुनौती को लेकर राज्य ब्यूरो सहयोगी रविंद्र बड़थ्वाल ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल से बातचीत।
कांग्रेस पर मुस्लिम तुष्टिकरण के आरोप लग रहे हैं, मुस्लिम यूनिवर्सिटी की बात हो रही है।
मिथ्या आरोप हैं। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष के हवाले से यह बात कही जा रही है, वह स्वयं इसका खंडन कर चुके हैं। कांग्रेस ने सबसे पहले गढ़वाल यूनिवर्सिटी बनाने में योगदान दिया। फिर इस यूनिवर्सिटी को केंद्रीय दर्जा भी कांग्रेस ने दिया। श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय भी कांग्रेस ने बनाया है, मुस्लिम यूनिवर्सिटी को लेकर पार्टी का कहीं कोई बयान नहीं आया है। एकबारगी यह मान भी लिया जाए कि किसी व्यक्ति ने कोई बात कही है, लेकिन उसे पार्टी का स्टैंड कतई नहीं माना जा सकता। भाजपा के पास मुद्दे नहीं है, इसलिए बतंगड़ बनाने की कोशिश कर रही है। भाजपा सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री डा धन सिंह रावत चुनाव के मौके पर मस्जिद में जाते दिखाई दे रहे हैं। बेहतर होगा कि भाजपा इस पर स्पष्टीकरण दे। भाजपा नेता आस्था के आधार पर कहीं भी जाएं, कोई बुराई नहीं है। उन्हें झूठ-प्रपंच से बचना चाहिए।
प्रदेश की जनता कांग्रेस को किस आधार पर मत देना चाहेगी।
प्रदेश में अब तक जो भी विकास हुआ, कांग्रेस की सरकारों के दौरान हुआ। 2002 से लेकर 2007 तक कांग्रेस सरकार ने विकास की आधारशिला रखी। सिडकुल के माध्यम से उद्योगों की स्थापना की। रोजगार के अवसर पैदा किए। इसके बाद बनी कांग्रेस की सरकार ने विकास को आगे बढ़ाया। बेरोजगारी को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल में सिडकुल की हालत देखकर ही अंदाजा लग सकता है कि उद्योगों के साथ क्या हो रहा है। भाजपा ने बेरोजगारी दी, महंगाई बढ़ाई। जनता त्रस्त है। कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments