गैरसैंण। उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र आज से ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में शुरू हो रहा है। इस दौरान धामी सरकार अपना आम बजट पेश करेगी, जिसे आगामी चुनावी वर्ष को देखते हुए खास माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस बार का बजट प्रदेश के विभिन्न वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिसमें विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए कई अहम घोषणाएं की जा सकती हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार चुनावी साल के मद्देनजर सरकार महिला सशक्तीकरण, युवाओं के कौशल विकास और किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर दे सकती है। बजट में महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए नई योजनाएं शुरू करने के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों को और सशक्त बनाने पर भी जोर दिया जा सकता है। इससे महिलाओं को स्वरोजगार और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
युवाओं के लिए भी बजट में कई नई पहल की उम्मीद है। सरकार कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा देने के साथ-साथ रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण योजनाओं की घोषणा कर सकती है। इन योजनाओं का उद्देश्य युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार उपलब्ध कराना होगा, जिससे राज्य में बढ़ते पलायन को रोकने में मदद मिल सके।
वहीं कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए भी सरकार कई महत्वपूर्ण कदम उठा सकती है। किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से बचाने, मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने और कृषि उपकरणों, बीजों तथा अन्य आवश्यक संसाधनों पर सब्सिडी बढ़ाने की घोषणा बजट में की जा सकती है। इसके अलावा बागवानी और पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने के लिए भी नई योजनाएं लाई जा सकती हैं।
पांच दिवसीय बजट सत्र के दौरान प्रदेश सरकार की ओर से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) समेत आठ से अधिक विधेयक और अध्यादेश सदन के पटल पर रखे जाएंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों और आयोगों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट भी विधानसभा में प्रस्तुत की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भराड़ीसैंण पहुंचने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने उनसे मुलाकात कर सत्र की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से भी शिष्टाचार भेंट की। बजट सत्र को देखते हुए विधानसभा परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
संसदीय कार्यमंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि सरकार ऐसा बजट लाने की तैयारी में है जो महिलाओं, युवाओं और किसानों के हितों को प्राथमिकता देगा और प्रदेश में गरीबी उन्मूलन के लक्ष्य को आगे बढ़ाएगा।