Saturday, May 16, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड: चमोली में बड़े आयोजनों को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने अधिकारियों...

उत्तराखंड: चमोली में बड़े आयोजनों को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने अधिकारियों व थाना प्रभारियों के साथ की समीक्षा बैठक

चमोली। जनपद चमोली में आगामी दिनों में प्रस्तावित विधानसभा सत्र, औली विंटर कार्निवाल और महाशिवरात्रि पर्व जैसे बड़े आयोजनों को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इन आयोजनों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस अधीक्षक ने जिलास्तरीय अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने महाशिवरात्रि पर्व पर जनपद के प्रमुख शिवालयों और मंदिर परिसरों में लगने वाले मेलों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, निगरानी व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

औली में आयोजित होने वाले विंटर कार्निवाल को लेकर सुरक्षा, यातायात और पार्किंग व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि औली क्षेत्र में पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। औली रोड पर कई स्थानों पर बर्फ जमी होने के कारण लोक निर्माण विभाग के साथ समन्वय बनाकर समय रहते सड़कों को सुचारु रखने पर भी जोर दिया गया।

इसके साथ ही इसी माह भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में प्रस्तावित विधानसभा बजट सत्र की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। बजट सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पुलिस बल के आवासीय इंतजाम, संचार व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि सत्र के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

बैठक में थाना प्रभारियों को विभागीय प्रारंभिक जांचों की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही बैंक और वाहन चेकिंग अभियान को नियमित रूप से चलाने, सभी कार्यक्रमों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments