Wednesday, May 6, 2026
Homeउत्तराखंडUttarakhand: सीएम धामी ने 7.56 लाख पेंशनर्स को दी बड़ी राहत, ‘वन...

Uttarakhand: सीएम धामी ने 7.56 लाख पेंशनर्स को दी बड़ी राहत, ‘वन क्लिक’ से खातों में पहुंचे 111.82 करोड़ रुपये

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत एक बड़ी पहल करते हुए प्रदेश के लाखों पेंशनर्स को राहत दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय से समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में अप्रैल माह की पेंशन राशि ‘वन क्लिक’ के माध्यम से ट्रांसफर की।

इस दौरान शत-प्रतिशत राज्य पोषित योजनाओं के तहत कुल 7,56,682 पेंशनर्स को 111 करोड़ 82 लाख 52 हजार रुपये की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई। इस भुगतान में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, किसान पेंशन, परित्यक्ता पेंशन, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली पेंशन और बौना पेंशन जैसी योजनाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय की भावना के साथ काम कर रही है और आर्थिक व सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति पेंशन योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में लगातार बहुउद्देश्यीय कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का ही परिणाम है कि हर साल 60 हजार से अधिक नए लाभार्थी समाज कल्याण पेंशन योजनाओं से जुड़ रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में भी इस तरह के कैंप नियमित रूप से आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ मिल सके। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि 59 वर्ष की आयु पूरी करने वाले व्यक्तियों का समय रहते सर्वे किया जाए और उनके आवेदन व अन्य औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएं, जिससे 60 वर्ष की आयु पूर्ण होते ही उन्हें पेंशन का लाभ मिल सके।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि योजनाओं का दायरा बढ़ाने के लिए वार्षिक आय सीमा को व्यावहारिक बनाया जाए और समाज कल्याण विभाग की सभी योजनाओं की जानकारी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सरकार की इस पहल से प्रदेश के लाखों जरूरतमंदों को समय पर आर्थिक सहायता मिलने से राहत मिली है और पारदर्शिता के साथ योजनाओं के क्रियान्वयन को भी मजबूती मिली है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments