Monday, April 13, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तरकाशी: भारी बर्फबारी से बंद रहा गोमुख ट्रैक, निरीक्षण के दौरान टीम...

उत्तरकाशी: भारी बर्फबारी से बंद रहा गोमुख ट्रैक, निरीक्षण के दौरान टीम लौटी, जल्द पर्वतारोहियों के लिए खुलने की उम्मीद

उत्तरकाशी। गंगोत्री नेशनल पार्क के अंतर्गत आने वाले गोमुख ट्रैक पर लगातार बर्फबारी और मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण ट्रैकर्स और आम यात्रियों की आवाजाही अभी भी प्रतिबंधित है। हाल ही में ट्रैक का निरीक्षण करने निकली अधिकारियों और विशेषज्ञों की टीम को भारी बर्फ के चलते बीच रास्ते से ही वापस लौटना पड़ा।

बताया गया कि गंगोत्री नेशनल पार्क के गेट 1 अप्रैल को खोल दिए गए थे, लेकिन गोमुख ट्रैक की स्थिति अब भी सामान्य नहीं हो सकी है। इसी के मद्देनजर पार्क प्रशासन और गढ़वाल हिमालय ट्रैकिंग एंड माउंटनियरिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से ट्रैक का स्थलीय निरीक्षण किया।

शनिवार को पार्क के उपनिदेशक हरीश नेगी और एसोसिएशन के अध्यक्ष जयेंद्र राणा के नेतृत्व में वन विभाग और ट्रैकिंग से जुड़े विशेषज्ञों की टीम ने कनखू बैरियर से भोजगढ़ी तक करीब 11 किलोमीटर पैदल मार्ग का जायजा लिया। हालांकि भोजगढ़ी नाले के पास अत्यधिक बर्फ जमा होने और अचानक बर्फबारी शुरू होने के कारण टीम को निरीक्षण अधूरा छोड़कर वापस लौटना पड़ा।

निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि पर्वतारोहण गतिविधियों के लिहाज से मार्ग में विशेष दिक्कत नहीं है, लेकिन आम यात्रियों के लिए रास्ता अभी सुरक्षित नहीं माना जा सकता। एसोसिएशन के अध्यक्ष जयेंद्र राणा ने सुझाव दिया कि पर्वतारोहियों को ट्रैकिंग और आरोहण की अनुमति दी जा सकती है।

वहीं, पार्क के उपनिदेशक हरीश नेगी ने बताया कि यदि इस सप्ताह ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी नहीं होती है, तो आगामी एक सप्ताह के भीतर पर्वतारोहियों के लिए ट्रैक खोलने पर निर्णय लिया जा सकता है। हालांकि आम पर्यटकों और श्रद्धालुओं को गोमुख जाने के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान में ट्रैक पर स्थित आश्रम और जीएमवीएन (गढ़वाल मंडल विकास निगम) के गेस्ट हाउस भी बंद हैं, जिससे यात्रियों की सुविधाएं प्रभावित हैं। ऐसे में जब तक मौसम पूरी तरह अनुकूल नहीं हो जाता और मार्ग सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक गोमुख ट्रैक आम लोगों के लिए बंद ही रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments