उत्तरकाशी। उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन एवं ट्रेकिंग स्थल दयारा बुग्याल से एक युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। नैनीताल निवासी 30 वर्षीय बबीता पांडे पिछले तीन दिनों से लापता हैं। युवती की तलाश के लिए वन विभाग, पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है, लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नैनीताल निवासी बबीता पांडे स्थानीय ट्रैकिंग एजेंसी के माध्यम से दयारा बुग्याल ट्रेक पर आए दस सदस्यीय ट्रैकर्स दल का हिस्सा थीं। यह दल दयारा बुग्याल क्षेत्र में ट्रेकिंग के लिए पहुंचा था और निर्धारित कैंप स्थल पर ठहरा हुआ था।
बताया जा रहा है कि बीते शुक्रवार की रात बबीता पांडे अपने टेंट से बाहर निकली थीं। इसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। रात के समय उनकी अनुपस्थिति पर किसी का ध्यान नहीं गया, लेकिन शनिवार सुबह जब ट्रैकिंग दल के सदस्यों ने उन्हें कैंप में नहीं पाया तो उनकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई पता नहीं चला तो इसकी सूचना वन विभाग और प्रशासन को दी गई।
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और युवती की खोज के लिए व्यापक स्तर पर सर्च अभियान शुरू किया गया। वन विभाग, पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें दयारा बुग्याल और आसपास के दुर्गम क्षेत्रों में लगातार तलाश कर रही हैं। खराब मौसम और पहाड़ी भूभाग के कारण अभियान में चुनौतियां भी सामने आ रही हैं।
टकनौर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रूपमोहन नौटियाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवती की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खोज अभियान में सभी संबंधित विभागों की टीमें जुटी हुई हैं और संभावित स्थानों पर गहन तलाशी ली जा रही है।
उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर ट्रैकिंग दल के अन्य सदस्यों को गोई कैंप में ही रोका गया है, ताकि आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सके और खोज अभियान में समन्वय बनाए रखा जा सके।
घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है। परिजन और प्रशासन युवती के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। वहीं, सर्च टीमों ने अभियान तेज कर दिया है और आसपास के जंगलों, ट्रेकिंग मार्गों तथा खाई वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने ट्रेकिंग करने वाले पर्यटकों और साहसिक गतिविधियों में शामिल लोगों से निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा समूह से अलग न होने की अपील भी की है।