अल्मोड़ा में व्यावसायिक गैस सिलिंडर के दामों में भारी वृद्धि को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। बढ़ती महंगाई के खिलाफ पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
जानकारी के अनुसार, व्यावसायिक गैस सिलिंडर की कीमतों में 993 रुपये की बढ़ोतरी किए जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। नगर के चौघानपाटा क्षेत्र में एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री का पुतला फूंका और बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लेने की मांग की।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि गैस सिलिंडर के दामों में लगातार बढ़ोतरी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों का परिणाम है, जिससे महंगाई लगातार बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस फैसले का सीधा असर छोटे व्यापारियों, होटल व्यवसायियों और आम जनता पर पड़ रहा है।
भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि पहले से ही बेरोजगारी और महंगाई से जूझ रही जनता के लिए यह निर्णय “आग में घी डालने” जैसा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार को आम जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है और वह केवल राजस्व बढ़ाने में लगी हुई है।
प्रदर्शन के दौरान महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट ने भी अनोखे अंदाज में विरोध जताया। वह अपने सिर पर गैस सिलिंडर रखकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंचीं, जिससे आम जनता की परेशानियों को प्रतीकात्मक रूप से दर्शाया गया।
कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि व्यावसायिक गैस सिलिंडर की बढ़ाई गई कीमतों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन में महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, अरविंद रौतेला, विनोद वैष्णव, विक्रम फर्त्याल, दीप डांगी, सुशील साह, भैरव गोस्वामी, गोविंद बाल्टयाल, नारायण दत्त पांडे, वीके पांडे, शरद साह, दीपा साह, निर्मल रावत, दिनेश पिलखवाल, मुकेश कुमार, विकास कुमार, वैभव पांडे, गोपाल भट्ट, इसरार अहमद, रवींद्र कुमार टम्टा और वकुल साह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।