डिजिटल रिश्तों की आड़ में बढ़ रहा साइबर अपराध, भावनाओं को बना रहे हथियार
डिजिटल युग में जहां एक ओर रिश्ते बनाना बेहद आसान हो गया है, वहीं दूसरी ओर यह खतरनाक भी साबित हो रहा है। हाल के दिनों में सामने आए मामलों ने यह साफ कर दिया है कि “आई लव यू” से शुरू होने वाली ऑनलाइन बातचीत कब ब्लैकमेलिंग और पैसों की उगाही में बदल जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। रोमांस स्कैम अब एक संगठित साइबर अपराध का रूप ले चुका है, जिसमें अपराधी लोगों की भावनाओं का फायदा उठा रहे हैं।
इसी बढ़ते खतरे को देखते हुए उत्तराखंड एसटीएफ ने लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है।
कैसे काम करता है रोमांस स्कैम का जाल
साइबर अपराधियों का तरीका बेहद शातिर और सुनियोजित होता है। वे फर्जी पहचान बनाकर डेटिंग ऐप्स और मैट्रिमोनियल वेबसाइट्स पर लोगों से संपर्क करते हैं। शुरुआत में वे मीठी-मीठी बातें कर भरोसा जीतते हैं और सामने वाले को भावनात्मक रूप से जोड़ने की कोशिश करते हैं।
धीरे-धीरे बातचीत निजी होने लगती है और यहीं से असली खेल शुरू होता है। अपराधी किसी तरह से निजी फोटो, वीडियो या चैट हासिल कर लेते हैं और फिर ब्लैकमेलिंग का सिलसिला शुरू हो जाता है।
हनी ट्रैप की तर्ज पर वसूली का खेल
कई मामलों में आरोपी खुद को विदेश में रहने वाला, आर्मी अधिकारी या बड़ा बिजनेसमैन बताकर भरोसा जीतते हैं। हालिया मामलों में यह भी सामने आया है कि महिलाओं को हनी ट्रैप में फंसाकर उनसे मोटी रकम वसूली गई।
यह घटनाएं दर्शाती हैं कि रोमांस स्कैम अब कोई आकस्मिक अपराध नहीं, बल्कि एक संगठित गिरोह द्वारा चलाया जा रहा साइबर फ्रॉड है।
ऐसे करें खुद का बचाव
- ऑनलाइन मिले किसी भी व्यक्ति पर तुरंत भरोसा न करें
- निजी फोटो, वीडियो या संवेदनशील जानकारी साझा करने से बचें
- भावनात्मक दबाव बनाकर कोई कुछ मांगे तो इसे चेतावनी संकेत मानें
- संदेह होने पर तुरंत संपर्क बंद कर दें
शिकायत कहां करें
यदि कोई व्यक्ति आपको ऑनलाइन ब्लैकमेल करता है या पैसे की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत साइबर पुलिस को दें।
आप साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर सकते हैं या आधिकारिक साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
STF की अपील
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने लोगों से अपील की है कि डिजिटल दुनिया में हर कनेक्शन सुरक्षित नहीं होता। सतर्कता और जागरूकता ही इस तरह के अपराधों से बचने का सबसे बड़ा उपाय है।