नैनीताल। नैनीताल-भवाली मार्ग पर पाइंस के पास पहाड़ी दरक गई। बोल्डर और मलबा गिरने से नैनीताल-भवाली राज्यमार्ग का 50 मीटर हिस्सा ध्वस्त हो गया और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। डीएम और एसएसपी ने मौका मुआयना किया। उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों को ध्वस्त क्षेत्र की दोनों तरफ बैरिकेडिंग करने और मार्ग को जल्द सुचारू कराने के निर्देश दिए। अब भवाली से नैनीताल आने जाने वाले वाहन वाया गेठिया और ज्योलीकोट होते गुजर रहे हैं। शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पाइंस के पास स्थित पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर सड़क पर आ गिरा। इससे सड़क का लगभग 50 मीटर हिस्सा जमींदोज हो गया। गनीमत रही कि उस दौरान सड़क पर कोई वाहन चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो जाता।
भूस्खलन के बाद लोनिवि के अधिकारियों ने सड़क के दोनों ओर से बैरिकैडिंग करा दी। इससे नैनीताल से भवाली को आने जाने वाले दर्जनों वाहन सड़क के दोनों ओर फंस गये और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। उसके बाद उन्हें गेठिया और ज्योलीकोट होकर जाना पड़ा। डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में पानी का सीपेज होने के कारण यह हादसा हुआ होगा। भू वैज्ञानिकों से इसकी जांच कराई जाएगी। साथ ही क्षतिग्रस्त पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में मौजूद आईटीआई और विद्युत विभाग की कॉलोनियों के क्षेत्र का भी स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा, ताकि इस पहाड़ी की भूस्खलन के प्रति संवेदनशीलता की जांच हो सके।
नैनीताल-भवाली रोड पूरी तरह से बंद : एसएसपी
नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पंकज भट्ट ने बताया कि नैनीताल-भवाली मार्ग पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है। नैनीताल से भवाली या इसके विपरीत यात्रा करने वाले सभी वाहनों का आवागमन ज्योलीकोट नंबर-एक बैंड से रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील है कि यदि वे नैनीताल-भवाली मार्ग से यात्रा करने जा रहे हैं तो सुरक्षा कारणों को देखते हुए ज्योलीकोट मार्ग से ही आवागमन करें।
ये अधिकारी भी पहुंचे मौके पर
नैनीताल। पाइंस के पास पहाड़ी दरकने की सूचना मिलते ही एडीएम अशोक जोशी, एसडीएम राहुल शाह, तहसीलदार नवाजिश खलीक, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शैलेश कुमार, लोनिवि और विद्युत विभाग के ईई आदि भी मौके पर पहुंच गए।