Friday, November 13, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को जान से मारने की धमकी,...

उत्तराखंड: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को जान से मारने की धमकी, अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज

देहरादून।
उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को जान से मारने की धमकी मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। एक अज्ञात मोबाइल नंबर से लगातार कॉल कर उन्हें गाली-गलौज और अपशब्दों के साथ जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इस मामले को लेकर महेंद्र भट्ट ने देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को पत्र भेजकर आरोपी के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने एसएसपी को भेजे पत्र में बताया कि रविवार को एक अज्ञात मोबाइल नंबर से उनके निजी मोबाइल नंबर पर लगातार फोन कॉल आ रही हैं। फोन करने वाला व्यक्ति अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा है। उन्होंने बताया कि कई बार समझाने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है।

महेंद्र भट्ट ने आशंका जताई है कि यह पूरी घटना किसी राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित हो सकती है। उन्होंने कहा कि इस तरह की धमकियों से न केवल उनकी राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, बल्कि उनके जीवन को भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने यह भी संभावना जताई कि किसी राजनीतिक प्रतिद्वंदी द्वारा उक्त व्यक्ति को उकसाकर इस तरह के फोन करवाए जा रहे हों।

प्रदेश अध्यक्ष ने आरोपी का मोबाइल नंबर पुलिस को सौंपते हुए जल्द से जल्द उसकी पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है।

इस संबंध में देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

धमकी बर्दाश्त नहीं करेगी पार्टी: मनवीर सिंह चौहान
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग और जान से मारने की धमकी देना बेहद गंभीर मामला है, जिसे पार्टी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन में इस तरह के व्यवहार की कोई जगह नहीं है।

चौहान ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं के खिलाफ ऐसी घटनाएं अस्वीकार्य हैं। पार्टी को पूरा विश्वास है कि पुलिस प्रशासन आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा और कानून के तहत उसे कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments