Saturday, October 24, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्‍तर प्रदेशवंदे भारत स्लीपर ट्रेन का ऐतिहासिक ट्रायल: 180 किमी/घंटा की रफ्तार में...

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का ऐतिहासिक ट्रायल: 180 किमी/घंटा की रफ्तार में भी नहीं छलका पानी, जल्द पटरी पर उतरेगी ट्रेन

नई दिल्ली: भारतीय रेलवे ने सेमी हाई-स्पीड ट्रेनों के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन ने ट्रायल रन के दौरान 180 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की रफ्तार पकड़कर अपनी तकनीकी मजबूती और विश्वसनीयता का शानदार प्रदर्शन किया है। इस सफल परीक्षण का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह ट्रायल सवाई माधोपुर–कोटा–नागदा रेल सेक्शन पर किया गया, जहां ट्रेन ने 180 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति हासिल की। खास बात यह रही कि इतनी तेज रफ्तार के बावजूद ट्रेन के केबिन में रखे पानी से भरे गिलास से एक बूंद भी नहीं छलकी। यह दृश्य ट्रेन की बेहतरीन राइड क्वालिटी, उन्नत सस्पेंशन सिस्टम और संतुलन क्षमता को साफ तौर पर दर्शाता है।

रेल मंत्री ने मंगलवार शाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस ट्रायल से जुड़ा वीडियो साझा किया। उन्होंने बताया कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का परीक्षण रेल सुरक्षा आयुक्त की निगरानी में किया गया। रेल मंत्री ने इसे भारत में विकसित नई पीढ़ी की ट्रेन बताते हुए कहा कि यह भारतीय रेलवे के लिए एक बड़ा तकनीकी कदम है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन के केबिन में लगे स्पीडोमीटर की रेंज 0 से 200 किलोमीटर प्रति घंटे तक है और परीक्षण के दौरान स्पीड का कांटा स्थिर रूप से 180 किमी प्रति घंटे पर टिका हुआ है। इसी दौरान सामने रखे चार पानी से भरे गिलास पूरी तरह स्थिर नजर आते हैं, जिससे ट्रेन की स्मूद रनिंग क्षमता का प्रमाण मिलता है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन के अनुसार, यह ट्रायल वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के भविष्य के संचालन की दिशा में एक बड़ी तकनीकी सफलता है। इससे ट्रेन की गति, सुरक्षा मानकों और यात्रियों के लिए आरामदायक यात्रा की क्षमता साबित हुई है।

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें स्लीपर और एसी दोनों श्रेणियों के कोच शामिल किए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए बेहतर बर्थ, अपग्रेडेड सस्पेंशन सिस्टम और आधुनिक इंटीरियर दिया गया है, जिससे तेज रफ्तार के दौरान भी झटके और कंपन कम महसूस होंगे।

इसके अलावा ट्रेन में ऑटोमैटिक दरवाजे, आधुनिक टॉयलेट सिस्टम, फायर सेफ्टी उपकरण, सीसीटीवी कैमरे और डिजिटल पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं मौजूद होंगी। रेलवे का कहना है कि सफल ट्रायल के बाद वंदे भारत स्लीपर ट्रेन जल्द ही यात्रियों के लिए पटरी पर उतारी जाएगी और उन्हें सुरक्षित, आरामदायक व विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव मिलेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments